Katni : हावड़ा मेल के सामने कूदी महिला
मानवीयता दिखाने के बावजूद जान नहीं बचा सके स्लीमनाबाद एसडीओपी
कटनी। जबलपुर-कटनी रेलखंड के स्लीमनाबाद रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेल फाटक पर बहोरीबंद थाना अंतर्गत ग्राम डुडसरा निवासी एक 55 वर्षीय महिला के द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली गई। महिला हावड़ा से मुम्बई जा रही मेल सुपरफास्ट ट्रेन के सामने कूदी और गंभीर रुप से घायल हो गई। घटना के दौरान स्लीमनाबाद एसडीओपी पी.के.सारस्वत घटनास्थल के पास स्थित बी पी मेमोरियल स्कूल के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। लिहाजा ट्रेन से टकरा कर महिला के घायल होने की जानकारी लगते ही कार्यक्रम छोड़कर मौके पर पहुंच गए और तत्काल घायल महिला को अपने वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे। जहा चिकित्सको ने उपचार शुरु किया लेकिन प्रारंभिक उपचार के दौरान ही महिला की मौत हो गई। महिला ने आत्महत्या क्यों की, अभी इस बात का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
पल्लू से बंधे कागज के टुकड़े से हुई शिनाख्त
एक जानकारी में बताया जाता है कि महिला की मौत के बाद उसकी शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए गए तथा शिनाख्त के लिए सबसे पहले महिला की तलाशी कराई गई। इस दौरान पुलिस को महिला की साड़ी के पल्लू में बंधे 30 रूपए और एक कागज का टुकड़ा मिला। कागज के टूकड़े पर बैशाखू दाहिया की पत्नी लिखा था। जिससे उसकी शिनाख्त भी ग्राम डुडसरा निवासी 55 वर्षीय सावित्री बाई पति बैशाखू दाहिया के रूप में कर ली गई। अस्पताल मे स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सी.के.तिवारी, आरक्षक नवीन शुक्ला व जीआरपी आरक्षक रामनगीना यादव भी उपस्थित रहे।

