ब्रह्माकुमारी केंद्र में कन्या पूजन कर दिया नारी सम्मान का संदेश
कन्याओं का तिलक लगाकर और दुपट्टा भेंट कर किया सम्मान, सात्विक कन्या भोज का आयोज
कटनी। शारदेय नवरात्र के पावन अवसर पर सिविल लाइन स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शुभभावना हॉल में कन्या पूजन एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छोटी से लेकर बड़ी कन्याओं को तिलक लगाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें ईश्वरीय सौगात भेंट की गई। इसके पश्चात कन्याओं को सात्विक भोजन कराया गया।
कार्यक्रम में राजयोग केंद्र संचालिका बीके लक्ष्मी बहन ने कन्या भोज के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कन्या पूजन केवल कर्मकांड या बाहरी पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नारी सम्मान, आत्म-स्मृति और दैवी गुणों को जीवन में धारण करने का संदेश देता है। कन्या पूजन का मूल उद्देश्य नारी शक्ति का हृदय से सम्मान करना और उसके प्रति आदर का भाव रखना है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान लोग पूजा-अर्चना और जागरण करते हैं, लेकिन इसका वास्तविक उद्देश्य प्रत्येक आत्मा के भीतर ज्ञान की ज्योति जगाना तथा जीवन में प्रेम, शांति, पवित्रता और सद्भाव जैसे दैवी गुणों को विकसित करना है। जब मनुष्य इन गुणों को अपने जीवन में अपनाता है, तभी उसका जीवन सुखमय बनता है।
कार्यक्रम के दौरान आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आयोजन में श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर अंकिता तिवारी, शबनम बहन, बीके दुर्गा बहन, रानी शर्मा, नेहा बहन, वैष्णवी बहन, प्रियंका बहन, तृप्ति बहन, शिल्पा बहन, मंगला माता, शानू, पलक मिश्रा, मुस्कान मिश्रा, मीना बहन, खुशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

