Site icon YASHBHARAT.COM

सराफा बाजार की सुरक्षा को लेकर पुलिस और व्यापारियों की संयुक्त बैठक, सीसीटीवी से लेकर रात्रि गश्त तक पर हुई चर्चा,कारीगरों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील, दुकानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने दिए सुझाव

IMG 20261117 WA0059

सराफा बाजार की सुरक्षा को लेकर पुलिस और व्यापारियों की संयुक्त बैठक, सीसीटीवी से लेकर रात्रि गश्त तक पर हुई चर्चा,कारीगरों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील, दुकानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने दिए सुझा

कटनी। शहर के सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और चोरी, धोखाधड़ी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस एवं सराफा व्यापारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। कोतवाली थाना परिसर में आयोजित बैठक में पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी सुझाव साझा किए और दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर 16 नवंबर को आयोजित इस बैठक में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं शहर के प्रमुख सराफा व्यापारी उपस्थित रहे।

बैठक में सराफा बाजार की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से दुकानों में कार्यरत कारीगरों एवं कर्मचारियों, विशेषकर बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के बाद ही उन्हें काम पर रखने की अपील की। साथ ही दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पुलिस ने दुकानों में मजबूत लॉकर, डबल इंटरलॉकिंग सिस्टम, थेफ्ट अलार्म एवं आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने के सुझाव भी दिए। पुराने सोने-चांदी के आभूषण बेचने आने वाले लोगों का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर सहित अन्य जरूरी जानकारी लेकर उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। इसके अलावा बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।

बैठक में सराफा बाजार में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और पुलिस निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के सुझावों पर अमल करने तथा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि बैठक का उद्देश्य पुलिस और सराफा कारोबारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और आपराधिक घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सराफा बाजार की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ व्यापारियों की सक्रिय सहभागिता भी जरूरी है।

बैठक पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। इसमें उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा एवं थाना प्रभारी राखी पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version