वर्षा ऋतु में वृहद पौधारोपण अभियान हेतु नगर निगम एवं वन विभाग की संयुक्त पहल,व्यापक पौधारोपण हेतु वनमण्डलाधिकारी एवं निगमायुक्त ने संयुक्त निरीक्षण कर उपयुक्त स्थलों का किया चयन

वर्षा ऋतु में वृहद पौधारोपण अभियान हेतु नगर निगम एवं वन विभाग की संयुक्त पहल,व्यापक पौधारोपण हेतु वनमण्डलाधिकारी एवं निगमायुक्त ने संयुक्त निरीक्षण कर उपयुक्त स्थलों का किया चयन
कटनी – पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और स्वच्छ-हरित शहर के निर्माण के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी एवं वन विभाग ने वर्षा ऋतु के आगमन के साथ वृहद पौधारोपण अभियान की तैयारियों को गति प्रदान कर दी है। इसी क्रम में बुधवार प्रातः वन मण्डलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने दोनों विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में शहर के विभिन्न स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यापक पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया गया।
अमकुही से बैराज तक विकसित होगी हरित पट्टी
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले ग्राम अमकुही स्थित नवीन फिल्टर हाउस परिसर का अवलोकन किया। परिसर के भीतर एवं सामने उपलब्ध रिक्त भूमि को पौधारोपण के लिए अत्यंत उपयुक्त पाया गया। साथ ही समीप स्थित वन विभाग की खाली भूमि को भी अभियान में शामिल करने पर सहमति बनी, जिससे इस पूरे क्षेत्र को एक विकसित हरित क्षेत्र के रूप में तैयार किया जा सके।
इसके पश्चात निरीक्षण दल इंडस्ट्रियल एरिया के समीप नदी तट एवं बैराज क्षेत्र पहुँचा, जहाँ नदी किनारे विस्तृत खाली भूमि पर सघन वृक्षारोपण कर आकर्षक ग्रीन बेल्ट विकसित करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से न केवल नदी तट का प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि मिट्टी के कटाव पर भी प्रभावी नियंत्रण होगा तथा क्षेत्र का पर्यावरणीय संतुलन मजबूत होगा।
पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें वृक्ष बनाना है लक्ष्य
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि वर्षा ऋतु पौधारोपण के लिए सबसे अनुकूल समय है। निगम का उद्देश्य केवल पौधे रोपित करना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं नियमित देखरेख के माध्यम से उन्हें विकसित वृक्ष बनाना है। इसी दृष्टि से ऐसे स्थलों का चयन किया गया है जहाँ सिंचाई एवं संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। अभियान के अंतर्गत नीम, पीपल, बरगद, शीशम सहित विभिन्न छायादार, फलदार एवं फूलदार प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।
वन विभाग एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण के साझा लक्ष्य की प्राप्ति हेतु विशेष प्रयास किए जाएंगे। मानसून अवधि के दौरान व्यापक स्तर पर हजारों पौधों का रोपण कर शहर को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाकर “ग्रीन कटनी” अभियान को प्रभावी रूप से साकार किया जाएगा ।
जनभागीदारी बनेगी अभियान की सबसे बड़ी ताकत
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नगरवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि अपने घर, मोहल्ले अथवा वार्ड में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो कटनी शीघ्र ही अधिक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ शहर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि “हर पौधे आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
निरीक्षण के दौरान एस.डी.ओ. सुरेश बरोले, नगर निगम के सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री श्री जे.पी. बघेल, उद्यान पर्यवेक्षक अभिषेक अरजरिया सहित वन विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।








