मंगलवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया के साथ जिला पंचायत अध्यक्षों की बैठक में इन मांगों पर सहमति बनी। बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्षों की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक होगी, जिसमें अंतिम निर्णय होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष संघ के अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत के नेतृत्व में पंचायत अध्यक्षों ने मंगलवार को ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया से भेंटकर मानदेय में वृद्धि सहित अन्य मांगें रखीं।
इन पर सहमति जताते हुए विभागीय मंत्री ने कहा कि वित्त और सामान्य प्रशासन विभाग से संबंधित मांगों को अनुमोदन के साथ मुख्यमंत्री को भेजा है। वे संवेदनशील हैं और सभी न्यायोचित मांगें पूरी की जाएंगी। मानदेय और वाहन भत्ता भी बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने राष्ट्रीय पर्व पर जिला पंचायत अध्यक्षों को ध्वाजारोहण करने का अवसर देने की मांग पर सैद्धांतिक स्वीकृति दी। साथ ही कहा मनरेगा एवं 15 वें वित्त आयोग के कार्यों को छोडकर शेष सभी कार्यों की स्वीकृति जिला पंचायत अध्यक्ष से लेने की व्यवस्था को बनाया जाएगा
बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्षों-उपाध्यक्षों की सभी मांगों पर विचार किया गया है। इस संबंध में बुधवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मांगों पर चर्चा करके अंतिम रूप दिया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, विभाग के अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मंगलवार को कैबिनेट में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्षों की मांगों के संबंध में मुद्दा उठा था। विभागीय मंत्री, राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सहित अन्य मंत्रियों ने उनकी मांगों का समर्थन किया था। मुख्यमंत्री ने इस पर जल्द निर्णय लेने की बात कही है।

