उद्योगपति पवन मित्तल अग्रवाल समाज के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, चुनाव परिणाम के साथ नई कार्यकारिणी घोषित
कटनी(YASH BHARAT.COM)। अग्रवाल समाज के वार्षिक चुनाव उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ संपन्न हुए। इस चुनाव में समाज के प्रबुद्ध जनों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से अपनी नई कार्यकारिणी का चयन किया। चुनाव परिणामों की घोषणा के साथ ही समाज में हर्ष की लहर दौड़ गई।
निर्विरोध निर्वाचन से समाज को एकता का संदेश
चुनाव में एकता और सर्वसम्मति की मिसाल पेश करते हुए उद्योगपति पवन मित्तल को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। इसी क्रम में सुरेश चंद्र अग्रवाल (बैंक वाले) को भी सर्वसम्मति से निर्विरोध कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव परिणामों के विस्तृत विवरण पर एक नजर
अग्रवाल समाज के इस चुनाव में विभिन्न पदों के लिए हुए मतदान के परिणाम बेहद उत्साहजनक रहे। उपाध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबले में अनूप अग्रवाल ने सर्वाधिक 91 वोट प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की, वहीं कन्छेदी अग्रवाल भी 68 वोट पाकर विजयी घोषित हुए, इस पद पर कमल राज अग्रवाल को 58 वोटों के साथ हार का सामना करना पड़ा। सचिव पद की जिम्मेदारी आनंद राज अग्रवाल को सौंपी गई, जिन्होंने 73 वोट हासिल कर श्याम बिहारी अग्रवाल (कल्लू भैया) को पराजित किया, जिन्हें 53 वोट मिले। सबसे रोचक मुकाबला सहसचिव पद के लिए देखा गया, जहाँ सत्यम मोदी अग्रवाल 78 वोट और सागर अग्रवाल 77 वोट लेकर विजयी रहे, जबकि विवेक अग्रवाल को 50 और शरद अग्रवाल को 42 वोटों से संतोष करना पड़ा। प्रचार सचिव के पद पर वैभव अग्रवाल ने 95 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की और सुनील अग्रवाल (31 वोट) को शिकस्त दी। अंत में आय-व्यय निरीक्षक के पद हेतु शैलेष अग्रवाल ने 71 वोट प्राप्त कर विजय प्राप्त की जबकि संतोष अग्रवाल को 54 वोट मिले।








