Thursday, May 14, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

Indore Railway Station: इंदौर सहित कुछ स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट अब 50 रुपये

इंदौर ( Indore Railway Station। पश्चिम रेलवे के चुनिंदा स्टेशनों पर यात्रियों को छोड़ने के लिए जाना स्वजन को महंगा पड़ेगा। रेलवे ने यहां प्लेटफार्म टिकट 50 रुपये का कर दिया है। इन स्टेशनों में इंदौर, चित्तौड़गढ़, दाहोद, देवास, नागदा, नीमच और मंदसौर शामिल हैं। बाकी स्टेशनों पर इनकी दर 10 रुपये ही रहेगी। मंडल रेल प्रवक्ता जितेंद्र कुमार जयंत ने बताया कि अब तक मंडल के स्टेशनों पर कोरोना को देखते हुए केवल यात्रियों को ही प्रवेश की अनुमति थी, लेकिन लंबे समय से मांग की जा रही थी कि यात्रियों को छोड़ने आने के लिए स्वजन को भी प्लेटफार्म तक प्रवेश दिया जाए।

इसे देखते हुए शुक्रवार से यह अनुमति दे दी है, लेकिन प्रमुख स्टेशन जहां ज्यादा भीड़ होती है, वहां दरें ज्यादा रखी गई हैं। इससे बहुत जरूरी होने पर ही स्वजन प्लेटफार्म तक जाएंगे। छोटे स्टेशनों पर इसकी दर 10 रुपये ही होगी। इंदौर स्टेशन से सभी श्रेणी की मिलाकर करीब 35 ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जबकि इतनी ही ट्रेनें आ रही हैं। इनकी संख्या बढ़ जाएगी। लाकडाउन के पहले तक इंदौर स्टेशन से दो से ढाई हजार प्लेटफार्म टिकट रोजाना बिकते थे।

कोरोना संक्रमण के चलते रेलवे स्टेशनों पर भीड़ को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है। कोरोना काल में पहले भी प्लेटफार्म टिकट के दाम बढ़ाए गए थे। अब जब फिर से कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है तो ऐसे में जिन स्टेशनों पर यात्रियों और उन्हें छोड़ने आने वालों की ज्यादा भीड़ रहती है उन पर इसके दाम बढ़ा दिए गए हैं।

Ashutosh Shukla

30 वर्षों से सकारात्मक पत्रकारिता का अनुभव