मध्यप्रदेश

Indore Coronavirus Update : एमवाय अस्पताल की दो नर्सों की मौत

Indore Coronavirus News Update : इंदौर के एमवाय अस्पताल में पदस्थ 2 नर्सों की मंगलवार रात मौत हो गई। इसमें से एक नर्स कोरोना वायरस संदिग्ध थीं। वे एमवाय अस्पताल के ही चेस्ट वार्ड में भर्ती थीं और उन्हें यहीं पर क्वारंटाइन किया गया था। जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है। डॉ पीएस ठाकुर ने इसकी पुष्टि की। वहीं दूसरी नर्स की मौत हार्ट अटैक से बताई जा रही है।

इंदौर में 923 कोरोना पॉजिटिव मरीज, 52 की मौत

इंदौर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 923 पहुंच गई है। 52 मरीजों की मौत हो चुकी है वहीं 72 मरीज ठीक हो कर घर जा चुके हैं। शहर में 799 मरीजों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है। पिछले तीन दिनों से कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में कमी आ रही है। मंगलवार को जांचे गए सैंपलों में आठ नए मरीज सामने आए हैं। नए मरीजों में एमवाय अस्पताल के ब्लड बैंक का एक लैब अटेंडेंट भी है। कुछ दिनों पहले यहां से एक अन्य कर्मचारी भी पॉजिटिव मिला था। इसके बाद आधे स्टाफ को क्वारंटाइन किया गया था।

मेडिकल कॉलेज की लैब में नई आरएनए मशीन इंस्टॉल की जा रही है। इस मशीन से सैंपल जांचने की क्षमता भी बढ़ जाएगी। वहीं जो काम पहले मैनुअली किया जा रहा था वह अब ऑटोमैटिक हो सकेगा। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 4094 सैंपल जांचे जा चुके हैं। इनमें से 923 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि नई मशीन इंस्टॉल होने की प्रक्रिया चालू थी। इस कारण कुछ सैंपलों की जांच रिपोर्ट मंगलवार रात तक प्राप्त नहीं हुई।

शहर के घर-घर में शुरू की गई स्क्रीनिंग के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। पहले दिन मंगलवार को 28,037 घरों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें से 24 लोग ऐसे मिले जो कहीं न कहीं कोरोना मरीजों के संपर्क में आए हैं। 474 लोगों ने स्क्रीनिंग टीम को बताया कि उन्हें सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायतें हैं।

Back to top button