तिलक महाविद्यालय मे संत रविदास साप्ताहिक कार्यक्रम का शुभारंभ, नशा मुक्ति पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया नुक्कड़ नाट
कटनी। पीएमसीओई शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में संत रविदास साप्ताहिक कार्यक्रम का शुभारंभ आज विभिन्न गतिविधियों के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान सद्भावना दिवस भी मनाया गया तथा ‘नशा मुक्त युवा भारत’ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बाजपेई, प्रशासनिक अधिकारी प्रो. डॉ माधुरी गर्ग, प्राध्यापक प्रो. डॉ प्रतिमा त्रिपाठी, एनएसएस जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, अर्थशास्त्र विभाग के श्री अजय कुररिया, प्राणिशास्त्र विभाग से डॉ. सूचि सिंह, रसायनशास्त्र से डॉ. नेहा त्रिपाठी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. शैलजा बरसैंया, मेरा युवा भारत कटनी से मनोज अहिरवार एवं राहुल बर्मन सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बाजपेई ने कहा कि संत रविदास के विचार समाज में समानता, सद्भाव, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को महान संतों के विचारों से जोड़ते हुए सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान ‘नशा मुक्त युवा भारत’ की गतिविधि के अंतर्गत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों और उससे होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक क्षति को दर्शाते हुए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।आकाश तिवारी हर्ष, दीपिका विश्वकर्मा, दीपा विश्वकर्मा, अंकित, भूमिका, दिव्यांशु, और मोहित के नाट्य समूह ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत कटनी का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करते हुए अर्थशास्त्र विभाग के श्री अजय कुररिया ने आल्हा खंड का गायन प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक सद्भाव, नशा मुक्ति, सांस्कृतिक चेतना और संत रविदास के मानवतावादी विचारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। संत रविदास साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।