जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित व निष्पक्ष निराकरण के दिए निर्देश
जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित व निष्पक्ष निराकरण के दिए निर्दे
कटनी। आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए आवेदकों ने जमीनी विवाद, आपसी एवं पारिवारिक विवाद, साइबर फ्रॉड, महिला संबंधी शिकायतों सहित अन्य मामलों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को निष्पक्ष, वैधानिक एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक, प्रभारी शिकायत शाखा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों के मामलों में पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करें तथा शिकायतकर्ताओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराते हुए उनके प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।








