जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में कटनी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय विजेता,तिलक महाविद्यालय की टीम को 3-0 से हराकर जीता खिताब, संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चय
कटनी। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर सत्र 2026-27 के तहत 29 अक्टूबर को शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बाजपेयी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कटनी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय तथा शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में कटनी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तिलक महाविद्यालय की टीम को 3-0 से पराजित किया और विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बाजपेयी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके बाद संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कटनी जिले की महिला एवं पुरुष फुटबॉल टीमों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया गया। चयनित पुरुष टीम जबलपुर में तथा महिला टीम नरसिंहपुर में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी डॉ. राजकुमार के निर्देशन में किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ सहित विद्यार्थियों की सराहनीय उपस्थिति रही।

