ग्वालियर में बेखौफ दबंग: 15 मिनट तक तांडव मचाकर किराना दुकानदार को पीट-पीटकर मारा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
ग्वालियर में बेखौफ दबंग: 15 मिनट तक तांडव मचाकर किराना दुकानदार को पीट-पीटकर मारा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
ग्वालियर: ग्वालियर शहर के गिरवाई थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेला की बावड़ी रोड पर किराना दुकान चलाने वाले एक 38 वर्षीय युवक की दबंगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल दुकानदार ने अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए गुरुवार को अंतिम सांस ली।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। अब इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराएं बढ़ाई जा रही हैं।
सामान खरीदने के विवाद में की बदसलूकी और मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरवाई के बेला की बावड़ी रोड निवासी रामनिवास उर्फ बॉबी गुर्जर (38 वर्ष) अपने घर के पास किराना दुकान संचालित करता था। घटना वाले दिन गिरवाई के ही रहने वाले मेहताम गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर उसकी दुकान पर सामान खरीदने आए थे।
दुकान पर किसी बात को लेकर इन दोनों युवकों ने रामनिवास से विवाद करना शुरू कर दिया और अभद्रता पर उतर आए। उस समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया था।
15 मिनट तक तांडव, अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने आपा खो दिया और रामनिवास पर टूट पड़े। आरोपियों ने लगभग 15 मिनट तक लगातार उसे बेरहमी से पीटा। हमले में रामनिवास के सिर, मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर और अंदरूनी चोटें आईं।
अत्यधिक खून बहने और गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार को उसकी सांसें थम गईं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही गिरवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक रूप से मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपी मेहताम गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले में जल्द ही हत्या (धारा 103 BNS) की धाराएं बढ़ाई जाएंगी। सावन का चौथा सोमवार 24 अगस्त को: कैलाश पर होगा शिववास, 5 महासंयोग में रुद्राभिषेक से दूर होंगी सभी परेशानियां







