Wednesday, May 13, 2026
Latest:
Latestमध्यप्रदेश

IMD Rain Alert मध्यप्रदेश के कई जिलों में होगी बारिश

IMD Rain Alert मध्यप्रदेश में अगले दो दिन बाद कई जिलों में तेज बारिश की सम्भावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यह पूर्वानुमान जताते हुए कहा कि शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दमोह में दर्ज किया गया। किसी भी जिले में लू के हालात नहीं बने। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है।

वर्तमान में औसतन 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। हवाओं के साथ नमी आने के कारण आंशिक बादल बने हुए हैं। इससे न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है। इसके साथ ही वातावरण में उमस बढ़ गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर दो मौसम प्रणालियां देश के साथ प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही हैं। हवाओं का रुख भी पश्चिमी है। वातावरण में नमी रहने से जहां आंशिक बादल बने हुए हैं, वहीं गर्मी के साथ उमस भी परेशान कर रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। उसके बाद तापमान में गिरावट होगी। साथ ही मंगलवार से प्रदेश के अधिकतर जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा भी होने की संभावना है।

वर्तमान में अरब सागर में चक्रवाती तूफान और बंगाल की खाड़ी में म्यांमार के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, लेकिन इन दोनों मौसम प्रणालियों का मप्र के मौसम पर कोई प्रभाव नहीं हो रहा है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम