katniमध्यप्रदेश

रचना नगर कॉलोनी में अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़, युवक गिरफ्तार

रचना नगर कॉलोनी में अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़, युवक गिरफ्तार

कटनी। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रचना नगर कॉलोनी में अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के पौधों को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड चौकी क्षेत्र अंतर्गत रचना नगर कॉलोनी की गली नंबर 02 में एक युवक अपने घर के समीप खाली पड़ी कब्जे की भूमि पर गांजे की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के घर के बगल स्थित भूमि पर गांजे के कई हरे पौधे लगे मिले। पुलिस ने 726 ग्राम वजनी गांजे के पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त कर लिया।

मामले में पुलिस ने आरोपी अक्षत कुमार जार (23), पिता आनंद कुमार जार, निवासी रचना नगर कॉलोनी, गली नंबर 02 को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 662/26 दर्ज कर धारा 8 एवं 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Back to top button