उमंग कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य संगोष्ठी आयोजित, विद्यार्थियों को बताए स्वस्थ जीवन के मंत्र,पौष्टिक आहार, योग और नियमित व्यायाम से ही बेहतर स्वास्थ्य संभ
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग के नेतृत्व एवं उमंग प्रभारी डॉ. राजकुमार के मार्गदर्शन में उमंग कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संगोष्ठी में जिला चिकित्सालय से श्रीमती कशिश बत्रा, श्रीमती माधुरी शिवहरे एवं श्रीमती माधुरी तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. माधुरी गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तम स्वास्थ्य ही जीवन का आधार है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। मानसिक तनाव से बचने और जीवन को संतुलित बनाए रखने के लिए योग, प्राणायाम तथा पौष्टिक आहार को दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।
जिला चिकित्सालय से आईं वक्ताओं ने विद्यार्थियों को पोषण, एनीमिया, योग, शारीरिक गतिविधियों एवं नियमित व्यायाम के महत्व की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मनहित ऐप के उपयोग और उसके माध्यम से मिलने वाली स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
श्रीमती कशिश बत्रा ने छात्राओं को कैल्शियम एवं विटामिन बी-12 सहित आवश्यक पोषक तत्वों के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक भोजन बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को बाहर के जंक फूड से परहेज करते हुए घर के बने पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. अतुल कुमार, डॉ. जयप्रकाश अवस्थी, डॉ. अंकिता खंडेलवाल एवं डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा सहित अन्य की विशेष उपस्थिति रही। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व को समझा।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजकुमार ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।













