Hartalika Teej 2020 Date Time: खंड सौभाग्यवती का पर्व हरतालिका तीज इस साल 21अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु के लिए 24 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं। मान्यताओं के अनुसार, अखंड सौभाग्य और मनचाहे वर के लिए तीजा व्रत यानि हरतालिका तीज का व्रत किया जाता है।
भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की हस्त नक्षत्र युक्त तृतीया तिथि को हरितालिका तीज का व्रत किया जाता है। इस व्रत को कुंवारी कन्याएं अपने लिए मनचाहा पति पाने और विवाहित महिलाएं अखंड (पति की लम्बी आयु के लिये) सौभाग्य पाने के लिए करती है। इस व्रत में सायं के पश्चात् चार प्रहर की पूजा करते हुए रात भर, भजन-कीर्तन, जागरण किया जाता है।
इस वर्ष तीज 21 अगस्त को है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, उस दिन सुबह 5 बजकर 53 मिनट से सुबह 8 बजकर 29 मिनट तक यानी 2 घंटे 36 मिनट का अच्छा मुहूर्त है। शाम को 6 बजकर 54 मिनट से रात 9 बजकर 6 मिनट तक पूजा की जा सकती है।
दूसरे दिन सुबह सूर्योदय के समय व्रत समाप्त होता है। तब महिलाएं अपना व्रत तोड़ती हैं और अन्न-जल ग्रहण करती हैं। इस दिन शिव पार्वती जी पूजा की जाती है। कहीं-कहीं बालू के भगवान शंकर व माता पार्वती की मूर्ति बनाकर पूजन की जाती है। एक चौकी पर शुद्ध मिट्टी में गंगाजल मिलाकर शिवलिंग, रिद्धि-सिद्धि सहित गणेश, पार्वती एवं उनकी सहेली की प्रतिमा बनाई जाती है।
पूजन-पाठ के बाद महिलाएं रात भर भजन-कीर्तन करती है । हर प्रहर को इनकी पूजा करते हुए बिल्व-पत्र, आम के पत्ते, चंपक के पत्ते एवं केवड़ा अर्पण करने चाहिए और आरती करनी चाहिए।
हरतालिका तीज के व्रत की कथा भगवान शिव और पार्वती से जुड़ी है। धर्म ग्रंथों में लिखा है कि अपने पिता द्वारा कराए गए यज्ञ में जब शिवजी का अपमान हुआ तो पार्वती ने यज्ञ की अग्नि में कूदकर आत्मदाह कर लिया।
अगले जन्म में उन्होंने राजा हिमालय की बेटी के रूप में जन्म लिया और भगवान शंकर को मन ही मन पति मान लिया था। पिता ने पार्वती के विवाह के लिए नारदजी से सलाह ली तो उन्होंने भगवान विष्णु का नाम आगे बढ़ा दिया।
इस विवाह को रोकने के लिए पार्वतीजी की सहेलियों ने उनका हरण कर लिया और जंगल में ले गईं। इसीलिए इस दिन को हरतालिका कहा जाता है। इसके बाद पार्वतीजी ने भगवान शिव की तपस्या की और उन्हें प्रसन्न किया और अपने पति के रूप में प्राप्त किया।