भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ हरेमाधव वर्सी पर्व का शुभारंभ
सतगुरु सांईं ईश्वरशाह साहिब के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भजन-कीर्तन और पारंपरिक नृत्यों ने बांधा समां
कटनी। हरेमाधव दयाल की दया से माधवनगर में 9 अक्टूबर को हरेमाधव वर्सी पर्व का भव्य शुभारंभ हुआ। सतगुरु साहिबान के आगमन पर माधवनगर रेलवे स्टेशन पर बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं एवं सेवादारों ने आत्मीय स्वागत किया। स्टेशन परिसर में सुसज्जित पंडाल में सतगुरु सांईं ईश्वरशाह साहिब ने दीप प्रज्ज्वलित कर पर्व का विधिवत शुभारंभ किया और स्टेशन पर सेवा में जुटे सेवादारों को आशीर्वाद प्रदान किया।
इसके पश्चात हरेमाधव दरबार साहिब से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुसज्जित रथ पर विराजमान सतगुरु सांईं ईश्वरशाह साहिब ने श्रद्धालुओं पर कृपा दृष्टि बरसाई। शोभायात्रा में विभिन्न नगरों और महानगरों से पहुंचे हरेमाधव यूथ के सेवादारों ने अलग-अलग प्रांतों की पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। खुरई के सेवादारों के डांडिया एवं शैलानृत्य ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
‘ईश्वरनादम् पथक’ के विशाल बैंड समूह ने ढोल-नगाड़े, झांझ, डमरू सहित लगभग 25 वाद्ययंत्रों की संगीतमय प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हरेमाधव यूथ के सेवादारों ने मार्चपास्ट कर सतगुरु जी का अभिनंदन किया। भजनों की मधुर धुनों और हरेमाधव के जयघोष से पूरा मार्ग गूंजता रहा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शामिल श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन कर भावविभोर नजर आए।
पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ स्वागत
शोभायात्रा हरेमाधव दरबार साहिब के सुसज्जित पंडाल में पहुंची, जहां हरेमाधव परमार्थ सत्संग समिति के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सतगुरु जी का स्वागत किया। हरेमाधव यूथ के सेवादारों ने मार्चपास्ट के माध्यम से अभिनंदन किया, वहीं बच्चों ने सैल्यूट कर वंदन किया। हरेमाधव रुहानी बाल संस्कार के बच्चों ने स्वागत गीत, पुष्पवर्षा और नृत्य प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ‘सतगुरु चरणों में अभिनंदन है’ और ‘मेरे सतगुरु दाता आए हैं’ जैसी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। हरेमाधव यूथ के सेवादारों ने ‘चले माधव लोक’ की प्रस्तुति भी दी।
दोपहर में सतगुरु जी का कारवां कटनी एवं मुड़वारा रेलवे स्टेशन होते हुए वापस माधवनगर पहुंचा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में अपने सतगुरु के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर, आवास और भोजन की व्यवस्था
हरेमाधव वर्सी पर्व में शामिल होने विभिन्न नगरों, कस्बों और गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरेमाधव परमार्थ सत्संग समिति द्वारा विभिन्न धर्मशालाओं में ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन पर स्थापित स्वागत एवं सूचना केंद्र के माध्यम से संगतों को उनके निर्धारित ठहराव स्थलों तक पहुंचाने में सहयोग किया जा रहा है।
वहीं, बाबा माधवशाह चिकित्सालय में 8 और 9 अक्टूबर को दो दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया है। शिविर में जरूरतमंदों की स्वास्थ्य जांच के साथ निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
हरेमाधव वर्सी पर्व केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक जुड़ाव का संगम बनकर सामने आया है। नन्हे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग के श्रद्धालु सतगुरु के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं।

