गरबा डांस का रूप नहीं देवी जी की आराधना है, नवरास गरबा महोत्सव में पहुंचे पूर्व मंत्री विधायक संजय सत्येंद्र पाठक

Picsart 25 09 27 22 34 49 197

Katni -शहर के दिव्यांचल गार्डन में नवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित भव्य गरबा महोत्सव में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक विशेष रूप से पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन समिति एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गरबा को केवल एक डांस या मनोरंजन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह देवी आराधना का एक श्रेष्ठ और दिव्य माध्यम है। उन्होंने कहा कि नवरात्र का हर दिन शक्ति, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है और गरबा नृत्य मां दुर्गा की उपासना का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करता है।

विधायक पाठक ने गरबा में शामिल हुई टीम को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में भाग ले रहीं बेटियाँ वास्तव में साक्षात देवी के स्वरूप में प्रतीत हो रही हैं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने, हमारी परंपराओं और संस्कृति को संजोने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, नगरवासी एवं भक्त शामिल हुए और देर रात तक देवी भक्ति में डूबकर गरबा महोत्सव का आनंद लिया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।