आंख से काजल चोरी करने की कहावत को चरितार्थ करते हुए एटीएम उखाड़ कर फरार बदमाशों की गिरफ्तारी तो दूर सुराग भी नहीं लगा पाई पुलिस

आंख से काजल चोरी करने की कहावत को चरितार्थ करते हुए एटीएम उखाड़ कर फरार बदमाशों की गिरफ्तारी तो दूर सुराग भी नहीं लगा पाई पुलिसकटनी(विवेक शुक्ला/रोहित सेन, YASHBHARAT.COM)। माधवनगर गेट के ठीक सामने से महाराष्ट्र बैंक के एटीएम काउंटर से एटीएम उखाड़ कर चंपत हुए बदमाशों की गिरफ्तारी तो दूर वारदात के 24 घंटे बाद उनका सुराग तक नहीं लगा पाई है। यह बात और है कि आरोपियों की पतासाजी में जुटी पुलिस की अलग-अलग टीमों को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों के संबंध में कुछ जानकारी लगी है लेकिन यह जानकारी आरोपियों को गिरफ्त में लेने के लिए पर्याप्त नहीं है। गौरतलब है कि आंख से काजल चोरी करने वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए बुलंद हौंसले वाले बदमाशों ने माधवनगर व अजाक थाने से चंद कदमों की दूरी पर माधवनगर गेट के सामने स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम काउंटर में धावा बोला और बड़े इत्मिनान से चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए एटीएम मशीन को ही उखाड़ कर ले गए। शुक्रवार व शनिवार की दरम्यानीरात ढाई बजे के लगभग बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम काउंटर में घुसकर पहले सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे छिडक़ा ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद वे आराम से मशीन को काटते रहे और फिर उसे एक पिकअप वाहन में लादकर फरार हो गए। मशीन में 11 लाख के लगभग नगद रकम भरी हुई थी। वारदात की जानकारी शनिवार सुबह मिली, जिसके बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा खुद कटनी पहुंचे और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और इसके बाद कटनी पुलिस को वारदात में शामिल बदमाशों की पतासाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय हुई लेकिन वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और पुलिस वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर उनका सुराग तक नहीं लगा पाई है।
नर्स के सूने आवास से नगदी व जेवर लेकर फरार चोर भी पुलिस की पहुंच पकड़ से दूर
उधर जिला चिकित्सालय परिसर स्थित नर्स के सूने आवास से दिनदहाड़े नगदी व जेवर लेकर फरार बदमाश भी पुलिस की पहुंच पकड़ से दूर हैं। पुलिस इस वारदात में शामिल बदमाशों का भी सुराग नहीं लगा पाई है। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय परिसर स्थित स्टाफ नर्स कल्पना सेन शनिवार की सुबह 9 बजे के लगभग आवास में ताला लगाकर डयूटी गई और दोपहर में वापस लौटी तो आवास के दरवाजे ताला टूटा मिला और अंदर सामान अस्त व्यस्त था। बदमाश आलमारी तोडक़र उसके अंदर से 10 हजार रूपए नगद व सोने-चांदी के जेवर सहित लगभग 5 लाख रूपए का सामान लेकर चंपत हो गए। घटना की जानकारी लगते ही कोतवाली प्रभारी राखी पांडे पुलिस बल के साथ पहले मौका मुआयना किया और फिर बदमाशों की पतासाजी में जुट गईं लेकिन अब तक वारदात में शामिल बदमाश पुलिस की पहुंच पकड़ से दूर हैं।








