पोंसरा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, सैकड़ों ग्रामीणों का हुआ उपचार,‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण के साथ भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ ने की सेवा कार्यों की शुरुआ
कटनी। भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ, जिला कटनी द्वारा मध्यप्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. विशाल सिंह बघेल के जन्मदिन के अवसर पर 25 अक्टूबर को ग्राम पोंसरा स्थित शासकीय स्कूल परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण के साथ हुई। इस दौरान ग्रामीणों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और चिकित्सकों ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला उपाध्यक्ष रवि खरे, मंडल प्रभारी राम पटेल, ग्राम सरपंच अनुरुद्ध पांडे, विजय गुप्ता, विजय दुबे और नंदलाल कोरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के नवनियुक्त जिला संयोजक डॉ. राजेंद्र गुप्ता का अभिनंदन किया गया।
‘मन की बात’ के बाद निःशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में फिजिशियन, सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ और नेत्र रोग विशेषज्ञों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके साथ ही हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर सहित अन्य आवश्यक रक्त जांच भी की गईं। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन ने कहा कि डॉ. राजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सा प्रकोष्ठ जिले के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए कार्य करेगा। पोंसरा से शुरू हुई यह सेवा यात्रा जिले के अन्य क्षेत्रों तक भी पहुंचाई जाएगी।
नवनियुक्त जिला संयोजक डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और सेवा भाव से अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि कटनी जिले का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।
शिविर में डॉ. अशोक चौदहा, डॉ. एल.एन. खंडेलवाल, डॉ. उमा निगम, डॉ. ज्योत्सना निगम, डॉ. वंदना गुप्ता, डॉ. अखिलेश जैन, डॉ. शोभित चौदहा, डॉ. धर्मेंद्र माखीजानी, डॉ. प्रसंग बजाज, डॉ. निधि बजाज, डॉ. अभिषेक चौरसिया और डॉ. कल्पना चौरसिया सहित चिकित्सा प्रकोष्ठ के सदस्य, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

