Fight Against COVID-19: कोरोना से संक्रमण की जंग में खुद ही फील्ड पर उतरे मुख्यमंत्री, आज प्रयागराज व वाराणसी का दौरा

yogi

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर तेजी से अपने पांव पसार रहे कोरोना वायरस संक्रमण से जंग में सीएम योगी आदित्यनाथ ने मोर्चा संभाला लिया है। कोविड पर नियमित समीक्षा करने के साथ ही गुरुवार रात से नौ शहरों में नाइट कर्फ्यू के बाद अब सीएम योगी आदित्यनाथ स्थलीय हकीकत परखेंगे। शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर समीक्षा बैठक के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ अब प्रयागराज तथा वाराणसी का रूख करेंगे। उनका कार्यक्रम गुरुवार रात अचानक ही बना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के सर्वाधिक प्रभावित चार शहरों में आज से कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते कारण और वैक्सीनेशन की समीक्षा करेंगे। वह प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ तथा कानपुर में समीक्षा करने के साथ ही अधिकारियों को मोर्चे पर बेहद मुस्तैदी से लगने का निर्देश भी देंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ आज दिन में करीब 12:30 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। वह शुक्रवार को राजकीय हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन आएंगे। वह 12:45 से 1:45 बजे तक परेड मैदान में ट्रिपल आइटी सभागार में कोरोना से बचाव के लिए हुए इंतजामों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह स्वरूप रानी अस्पताल जाएंगे। वहां पर दो बजे से करीब आधा घंटा तक कोविड-19 वार्ड का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद दोपहर 2:25 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे।।

स्वास्थ्य मंत्री तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री को भी मोर्चे पर लगाया: सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के मंत्रियों को भी चार-चार जिलों का दौरा करने का निर्देश दिया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा व सहारनपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के उपायों की समीक्षा करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह को कानपुर, झांसी आगरा व बरेली में इंतजामों को परखने का काम दिया गया है।

इसे भी पढ़ें-  UP MLC Election: सबका भविष्य बताने वाले ज्योतिषाचार्य Indu Prakash Mishra की पत्नी हारीं MLC चुनाव, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

लखनऊ समेत 9 जिलों में नाइट कर्फ्यू : कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के कारण प्रदेश में अब लखनऊ के साथ मेरठ, वाराणसी, कानपुर, झांसी, प्रयागराज व बरेली में 16 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। इतना ही नहीं दिल्ली से सटे प्रदेश के गौतमबुद्धनगर व गाजियाबाद में 17 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।