उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने पारण कर किया छठ पूजा का समाप
कटनी। चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह चार बजे से ही शहर बाबा घाट छपरबाह छठ घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने जलाशयों में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर छठ घाटों पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छपरा वाह घाट, बाबा घाट एवं कटाए घाट सहित जिले के प्रमुख घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए सूप में फल, ठेकुआ, नारियल एवं अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार के सदस्यों और परिजनों के साथ पारण किया। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत सहित चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।
छठ पूजा को लेकर घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पर्व के दौरान परिवार के सदस्यों और परिचितों ने भी व्रती महिलाओं के साथ घाट पहुंचकर पूजा में सहभागिता की। छठ पर्व के समापन पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने वाला यह महापर्व शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।














