katniमध्यप्रदेश

तिलक महाविद्यालय मे ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

तिलक महाविद्यालय मे ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी आयोजि

कटनी । शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय  में मंगलवार को पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एकदिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के प्रोफेसर डॉ. सुरेंद्र सिंह रहे।

प्रोफेसर डॉ. सुरेंद्र सिंह ने ‘अपना भोजन खुद उगाएं’, ‘Grow Your Own Food’ तथा ‘Organic Terrace Farming’ (छत पर जैविक खेती) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। उन्होंने जैविक खेती के महत्व, घर पर पौधों की उचित देखभाल तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बाजार में उपलब्ध अनेक सब्जियों के उत्पादन में पेस्टिसाइड, इंसेक्टिसाइड एवं अन्य रासायनिक पदार्थों के अत्यधिक उपयोग से मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को घर की छत, बालकनी अथवा उपलब्ध छोटे स्थान में जैविक तरीके से सब्जियां एवं अन्य उपयोगी पौधे उगाने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. सिंह ने फसल चक्र अपनाने पर भी जोर देते हुए बताया कि विभिन्न फसलों को क्रमवार एवं वैज्ञानिक तरीके से उगाने से मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने तथा पौधों में रोग संक्रमण की संभावना को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि टेरेस फार्मिंग के माध्यम से जैविक उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की दिशा में प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की इको क्लब प्रभारी प्रोफेसर ज्योत्सना आठ्या, परीक्षा नोडल प्रभारी डॉ. माधुरी गर्ग, एनएसएस जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, डॉ. सूची सिंह, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. अनिल गौतम एवं डॉ. शिवनंदन पटेल, जबलपुर से डॉक्टर समीर चौधरी सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. जयप्रकाश अवस्थी ने किया। संगोष्ठी के अंत में प्रोफेसर ज्योत्सना आठ्या ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी रुचि कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रही।

Back to top button