Latest

E-टिकट कंफर्म होगी या नहीं, बताएगा IRCTC का नया वर्जन

भोपाल । इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट के जरिए ईटिकट करना अब और आसान हो गया है। सबसे बड़ी सुविधा यह कि सीट की उपलब्धता वेटिंग में होने पर यह भी पता चल जाता है कि टिकट कंफर्म या आरएसी होने के कितनी संभावना है। यह भी बताया जा रहा है कि पिछले साल उसी तारीख में, उसके हफ्ते भर पहले या बाद कहां तक आरएसी या वेटिंग के टिकट कंफर्म हुए थे। आईआरसीटीसी वेबसाइट के नए वर्जन में यह सुविधाएं दी गई हैं।

अभी तक कुछ निजी वेबसाइट में टिकट कंफर्म होने की संभावना पता चल पाती है, लेकिन इसके लिए पीएनआर नंबर जरूरी है। यानी टिकट बुक होने के बाद ही यह पता किया जा सकता है। दूसरी बात यह कि निजी वेबसाइट के अनुमान पर कई लोगों को भरोसा नहीं होता।

अब आईआरसीटीसी की ओर से पिछले साल के रिकार्ड, ट्रेन में टिकट रद्द होने का अनुमान व अन्य आंकड़ों के आधार पर यह ऑकलन किया जा रहा है बर्थ कंफर्म होने की संभावना कितने फीसदी है। इसके साथ पिछले साल उसी तारीख के साथ आगे-पीछे 15 दिन का आंकड़ा देकर बताया गया है कि कहां तक सीट कंफर्म हुई।

मसलन आप 17 जून 2018 का टिकट बुक कर रहे हैं तो उसी ट्रेन व क्लास में 10 जून से 23 जून 2017 की स्थिति देख सकते हैं।

यह सुविधाएं भी नए वर्जन में मिलीं

  • नए वर्जन में स्पीड ज्यादा है। लिहाजा टिकट जल्दी से बुक हो जाते हैं।

  • पुराने वर्जन में टिकट बुक करते वक्त ‘बैक’ बटन में क्लिक करने पर लॉगिन से बाहर हो जाते हैं। इसके बाद फिर नए सिरे लॉगिन कर जानकारी भरना पड़ती थी। नए वर्जन में बाहर नहीं होते।

  • दूसरे पेज या विंडों में गए बिना ही यह आगे-पीछे की तिथियों में सीट की उपलब्धता देख सकते हैं।

  • संबंधित ट्रेन पर क्लिक करते ही आगमन-प्रस्थान का समय व यात्रा के कुल समय की जानकारी दिखती है।

  • बोर्डिंग पाइंट बदलने का पहले से आसान विकल्प दिया गया है।

  • बैटरी चलित कार, ई बेडरोल, रिटायरिंग और व्हील चेयर बुक करने की सुविधा पुराने वर्जन की तरह नए वर्जन में भी दी गई है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply