डायल-112 पुलिसकर्मियों को मिले बॉडी वार्न कैमरे, कार्रवाई होगी अधिक पारदर्शी और जवाबदेह एसपी अभिनय विश्वकर्मा की पहल, पुलिस-जन संवाद और घटनास्थल की पूरी कार्रवाई होगी रिकॉर्ड
डायल-112 पुलिसकर्मियों को मिले बॉडी वार्न कैमरे, कार्रवाई होगी अधिक पारदर्शी और जवाबदेह
एसपी अभिनय विश्वकर्मा की पहल, पुलिस-जन संवाद और घटनास्थल की पूरी कार्रवाई होगी रिकॉर्
कटनी, 6 अगस्त। पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता, जवाबदेही और आमजन का विश्वास बढ़ाने की दिशा में कटनी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों को बॉडी वार्न कैमरे उपलब्ध कराए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से ड्यूटी के दौरान होने वाली पुलिस कार्रवाई की वीडियो एवं ऑडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।
बॉडी वार्न कैमरे पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगाए जाएंगे, जो घटनास्थल पर पहुंचने से लेकर कार्रवाई पूरी होने तक की गतिविधियों को रिकॉर्ड करेंगे। कैमरे उच्च गुणवत्ता की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग से लैस हैं तथा इनमें रिकॉर्ड की गई सामग्री मेमोरी कार्ड में सुरक्षित रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर इसे साक्ष्य के रूप में भी उपयोग किया जा सकेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई बार कार्रवाई के दौरान पुलिस और आमजन के बीच विवाद या आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बन जाती है। ऐसे मामलों में बॉडी वार्न कैमरों की रिकॉर्डिंग वास्तविक तथ्यों को सामने लाने में मदद करेगी और किसी भी शिकायत या विवाद की निष्पक्ष जांच संभव हो सकेगी।
इस नई व्यवस्था से पुलिस कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। साथ ही पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान तथ्यात्मक साक्ष्य उपलब्ध होने से उनके कार्यों में भी सुरक्षा और मजबूती मिलेगी। कटनी पुलिस का मानना है कि यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएगी।








