दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: वोटिंग जारी, 70 विधानसभा सीटों पर कुल 699 प्रत्याशी मैदान में; अमानतुल्ला खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: वोटिंग जारी, 70 विधानसभा सीटों पर कुल 699 प्रत्याशी मैदान में; अमानतुल्ला खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: वोटिंग जारी, 70 विधानसभा सीटों पर कुल 699 प्रत्याशी मैदान में; अमानतुल्ला खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज । दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज मतदान का दिन है। सभी 70 सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है। इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला है। मतगणना 8 फरवरी, शनिवार को होगी।
सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए शहर भर में भारी सुरक्षा की गई हैं। चुनाव आयोग ने अर्धसैनिक बलों की 220 कंपनियों, 35,626 दिल्ली पुलिस कर्मियों और 19,000 होम गार्ड को तैनात किया है। लगभग 3,000 मतदान बूथों को संवेदनशील माना गया है। यहां ड्रोन निगरानी जैसे विशेष उपाय किए गए हैं।
इस बीच, आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों को वोट डालने से रोक रही है। सौरभ के मुताबिक, इसमें दिल्ली पुलिस को भी शामिल किया गया है।
अमानतुल्ला खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज
दिल्ली पुलिस ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अमानतुल्ला खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने एक वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई की, जिसमें आप नेता को कथित तौर पर चुनाव प्रचार की अवधि समाप्त होने के बाद अपने निर्वाचन क्षेत्र (ओखला) में अपने समर्थकों के साथ घूमते देखा गया था।
Delhi Vidhan SAbha Chunav 2025 LIVE Updates
- सुबह जल्दी मतदान करने वालों में संदीप दीक्षित और अलका लांबा शामिल रहे। राहुल गांधी ने सुबह करीब 8.15 बजे मतदान दिया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी इसी समय मतदान किया।
- दिल्ली में इस बार भ्रष्टाचार सबसे बड़ा मुद्दा रहा, क्योंकि राजनीति को साफ करने का दावा करके सत्ता पाने वाली आम आदमी पार्टी और उसके कर्ता धर्ता अरविंद केजरीवाल पर ही भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं।
- चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा खुलकर एक दूसरे के खिलाफ नजर आए। वहीं कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी ने भी केजरीवाल पर हमला किया। हालांकि कांग्रेस का रुख थोड़ा सॉफ्ट नजर आया।
- दिल्ली में कुल 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सभी स्थानों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। उम्मीद की जा रही है कि इस बार दिल्ली में रिकॉर्ड मतदान होगा।
- वोट डालने के बाद दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनेगी। दिल्ली की जनता विकसित दिल्ली के लिए वोट करने जा रही है। दिल्ली में अपनी हार स्वीकार कर अरविंद केजरीवाल गुंडागर्दी कर रहे हैं।
- नई दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, एक मतदाता होने के नाते मैंने देखा है कि कौन सा विधायक मेरे क्षेत्र में काम करेगा, कौन सी पार्टी अच्छी सरकार बनाएगी। मतदाताओं ने अपना मन बना लिया है और लोग उन महिलाओं को याद कर रहे हैं जिन्होंने दिल्ली को बनाया।
ऐसे दिल्ली की सत्ता पर काबिज हुई आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी पहली बार दिसंबर 2013 में सत्ता में आई थी, जब कांग्रेस से समर्थन लेकर सरकार बनाई थी। हालांकि, केजरीवाल ने जन लोकपाल विधेयक पारित करने में असमर्थता का हवाला देते हुए सिर्फ 49 दिनों के बाद इस्तीफा दे दिया। 2015 और 2020 के चुनावों में AAP ने क्रमशः 67 और 62 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की, जबकि भाजपा सिंगल डिजिट में सिमट गई। दोनों चुनावों में कांग्रेस अपना खाता खोलने में विफल रही।