जबलपुर। ग्यारह साल की मासूम बालिका के साथ एक वहशी ने दुष्कर्म का प्रयास किया। हनुमानताल पुलिस ने बताया कि बालिका पांचवी कक्षा में पढ़ती है। सोमवार रात स्वजन के साथ पुलिस थाना पहुंचकर गफ्फार खान के खिलाफ छेड़छाड़ व पाॅक्सो एक्ट की एफआइआर दर्ज कराई।
बालिका ने बताया कि घटना की रात वह गफ्फार के घर गई थी। उसके छोटे बच्चे को खिला रही थी तभी बिजली गुल हो गई। कमरे में अंधेरा होने के कारण गफ्फार ने बुरी नीयत से उसे पकड़ लिया। किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर वह घर की ओर भागी। घर पहुंचकर स्वजन को घटना की जानकारी दी।
इसी प्रकार भेड़ाघाट क्षेत्र निवासी 23 साल की युवती ने करीबी रिश्तेदार के खिलाफ दुष्कर्म की एफआइआर कराई है। युवती ने बताया कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे रिश्तेदार से कुछ समय से नजदीकी बढ़ गई थी। रिश्तेदार ने उससे शादी की इच्छा जाहिर की। जिसके बाद वह उसे रॉयल सिटी होटल भेड़ाघाट ले गया। शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। हवस का शिकार बनाने के बाद उसने बातचीत बंद कर दी तथा रिश्ता तोड़ दिया।
इधर, गोरखपुर निवासी 34 साल की महिला ने पप्पू चौधरी के खिलाफ दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया कि 12 साल से उसके पति मानसिक रूप से बीमार हैं। जिसके बाद पप्पू चौधरी ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। वर्षों तक शोषण करने के बाद वह किसी और से शादी करने वाला है। गोरखपुर क्षेत्र में ही रामपुर छापर निवासी राहुल ठाकुर के खिलाफ एक युवती ने दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज कराई है।
युवती ने बताया कि राहुल से उसकी मुलाकात दो साल पहले शहर के एक मॉल में हुई थी। जिसके बाद उनमें बातचीत होने लगी। कुछ दिन बाद राहुल ने अपना नया घर दिखाने के बहाने रामपुर छापर ले गया और दुष्कर्म किया। घर वालों ने उसकी शादी तय की है। राहुल लड़के वालों को शारीरिक संबंध की जानकारी देकर उसका रिश्ता तुड़वाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही हैं











