COVID 19: जनता कर्फ्यू के दौरान अंबिकापुर में 2000 लोगों को दावत, कांग्रेस नेता पर FIR

सरगुजा. कोरोना वायरस (Covid 19) के संक्रमण के लिए जारी किए गए निर्देशों का उलंघन करने वालों के खिलाफ छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय के अंबिकापुर में एफआईआर दर्ज की गई है. अंबिकापुर के एक हाई प्रोफाइल होटल ग्रैंड बसंत में रविवार को 2000 हजार लोगों के दावत की व्यवस्था की गई थी. शाम से देर रात तक पार्टी चली. इसकी शिकायत पुलिस आला कमान से की गई, जिसके बाद सोमवार की सुबह होटल संचालक केके अग्रवाल, आयोजनकर्ता कांग्रेस नेता इरफान सिद्दकी और अन्य के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है.
अंबिकापुर कोतवाली थाना प्रभारी ई. लाकड़ा ने बताया कि होटल ग्रैंड बसंत के मालिक और कांग्रेस नेता व अन्य के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है. कोरोना वायरस संक्रमण फैलने की आशंका के चलते सरकार ने लॉकडाउन व शहरों में धारा 144 लागू किया है. साथ ही सार्वजनिक कार्यक्रम और भीड़-भाड़ वाले कार्यक्रमों पर भी रोक लगाई है. इसके बाद भी अंबिकापुर के होटल ग्रैंड बसंत में 2000 लोगों की दावत बुलाई गई. इसमें शहर के कई हाई प्रोफाइल लोगों के भी शामिल होने की खबर है. पुलिस दावत में शामिल होने वाले लोगों की भी जानकारी जुटा रही है.
इन धाराओं में मामला दर्ज
कोतवाली थाना प्रभारी ई. लाकड़ा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 269, 270, 188 और महामारी अधिनियम की धारा तीन के तहत मामला दर्ज किया गया है. सूत्रों के मुताबिक, दावत में खाना बनाने के लिए कुक महाराष्ट्र से सरगुजा आए थे. ऐसे में इसकी भी जांच की जा रही है, क्योंकि देश में कोरोना संक्रमित सबसे ज्यादा मरीज महाराष्ट्र में ही हैं.
रविवार को जनता कर्फ्यू होने के बाद भी इतनी बड़ी संख्या में लोगों को दावत देने से हड़कंप मचा है. मामला हाई प्रोफाइल लोगों से जुड़ा होना बताया जा रहा है. कोरोना वायरस से जुड़े दिशानिर्देशों के उलंघन के एक अन्य मामले में कवर्धा जिले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. इनपर कोरोना संक्रमण को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने का आरोप है.








