झूलेलाल चालीहा महोत्सव समापन कार्यक्रम की तैयारियों का निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने लिया जायजाकार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता कीटनाशक छिड़काव एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

झूलेलाल चालीहा महोत्सव समापन कार्यक्रम की तैयारियों का निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने लिया जायजाकार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता कीटनाशक छिड़काव एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कटनी -भगवान श्री झूलेलाल जी के चालीहा महोत्सव के समापन अवसर पर आगामी रविवार, 23 अगस्त 2026 को मसूरहा घाट, कटनी नदी के समीप आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के पूर्व मसूरहा घाट एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई की जाए।
श्री पाठक ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा को निर्देश दिए कि घाट परिसर में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ नालियों की सफाई तथा आवश्यक स्थानों पर कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्री पाठक ने कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं हेतु पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पानी का टैंकर खड़ा किया जाए, जिससे किसी को परेशानी न हो।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि भगवान श्री झूलेलाल जी के चालीहा महोत्सव का समापन श्रद्धा और आस्था का महत्वपूर्ण अवसर है। हमारा प्रयास रहेगा कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रम के दौरान भी सफाई एवं पेयजल व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जाए।
उल्लेखनीय है कि चालीहा महोत्सव के समापन अवसर पर प्रातः 8 बजे श्री झूलेलाल मंदिर, गुरुनानक वार्ड से मसूरहा घाट तक शोभायात्रा, प्रातः 11 बजे आरती-पूजा एवं पल्लव तथा अखंड ज्योत विसर्जन और दोपहर 1 बजे गुरुप्रसाद-आम भंडारा आयोजित किया जाएगा।
निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से इस पावन आयोजन में सहभागी बनकर भगवान श्री झूलेलाल जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान पार्षद सुखदेव चौधरी ओमप्रकाश बल्ली सोनी अवकाश जायसवाल ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष राजू शर्मा रूपेश खूबचंदानी सुरेश गांधी अनिल नेवेंद खूबचंदानी राजेश खूबचंदानी अमर चेतवानी सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों की उपस्थिति रही








