Coronavirus in India दिल्ली में कोरोना के पहले मामले की पुष्टि से चिंता

नई दिल्ली । भारत सरकार ने कोरोना वायरस Coronavirus in India के दो नए मामलों की जानकारी दी है। दिल्ली और तेलंगाना में एक-एक मामले की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है और उनपर निगरानी रखी जा रही है। देश में कुल मामलों की संख्या 5 हो गई है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में भर्ती मरीज हाल ही में इटली से लौटा था।

बता दें कि यूरोप में सबसे ज्यादा मामला इटली में ही सामने आया है। इटली में इससे 34 लोगों की मौत हो गई है और 1,694 मामले सामने आए हैं। वहीं, तेलंगाना का मरीज हाल ही में दुबई से लौटा था। इससे पहले केरल में तीन मामलों की पुष्टि हुई थी। तीनों चीन से लौटे थे। हालांकि, तीनों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

21 अंतरर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर 2,000 से अधिक लोगों की जांच

समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार इस बीमारी को रोकने के लिए भारत में 21 अंतरर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर 2,000 से अधिक लोगों की जांच की गई है। भारत सरकार ने भारतीयों और विदेशी नागरिकों को वायरस के केंद्र वुहान से तीन बार बाहर निकाला है। सेना और आईटीबीपी के छावला और मानेसर कैंप में इन लोगों को निगरानी में रखा गया है।

आइसलैंड में तीन मामलों की पुष्टि,अमेरिका में दो मौतें 

समाचार एजेंसी रायटर्स के अनुसार आइसलैंड ने कोरोना वायरस का पहले तीन मामलों की जानकारी दी है। पहले मामले की पुष्टि शुक्रवार को हुई, वहीं दो अन्य मामलों की पुष्टि हफ्ते के अंत में हुई। तीनों मरीज हाल ही में इटली से छुट्टी बिताकर लौटे थे।इससे पहले आज अमेरिका ने कोरोना वायरस से मौत की दूसरी जानकारी दी। रविवार को उसने और ऑस्ट्रेलिया ने पहली मौत की जानकारी दी थी। अभी तक यहां 77 मामलों की पुष्टि हुई है।मिस्र (Egypt) ने सोमवार को कोरोना वायरस के दूसरे मामले की जानकारी दी। इससे पहले 14 फरवरी को उसने पहले मामले की जानकारी दी थी।

60 से अधिक देशों में फैला वायरस

दिसंबर में चीन के वुहान शहर में इसका पहला मामला सामने आया था। इसके बाद से यह 60 से अधिक देशों में फैल गया है। पूरे विश्व में इससे  3,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। चीन में मरने वालों की संख्या 2,912 हो गई है। वहीं, 80,026 मरीजों की संख्या हो गई है। बता दें कि चीन के बाद दक्षिण कोरिया में सबसे ज्यादा प्रकोप देखने को मिल गया है। यहां अभी तक मरीजों की संख्या 4,335 हो गई है। जर्मनी में सोमवार को मरीजों की संख्या 129 से बढ़कर 150 हो गई।

Exit mobile version