Coronavirus Bhopal News: 40 दिन में भी निगेटिव नहीं हो रहा कोरोना, चिकित्सक भी हैरान
Coronavirus Bhopal News भोपाल। कोरोना को कई लोग हफ्ते भर में मात दे रहे हैं तो कुछ मरीज ऐसे भी हैं हो 40 दिन बाद भी निगेटिव नहीं हो रहे।
चिकित्सक भी इस बात से हैरान हैं कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। प्रदेश के सरकारी और निजी अस्पतालों में मिलाकर अभी तक ऐसे चार मामले सामने आ चुके हैं, जिनकी 27 से 40 दिन बाद भी रिपोर्ट निगेटिव नहीं हुई।
ऐसे मरीजों से दूसरों को बीमारी फैलने का खतरा भी रहता है, इसलिए कोई तकलीफ नहीं होने के बाद भी बिना निगेटिव रिपोर्ट उनकी अस्पताल से छुट्टी नहीं की जाती।
कोविड-19 के लिए राज्य सलाहकार डॉ. लोकेंद्र दवे ने बताया कि प्रदेश में ऐसे मामले आते हैं तो संबंधित अस्पताल के चिकित्सक उनसे केस स्टडी साझा करते हैं।
अभी तक प्रदेश में इस तरह के चार मामले सामने आए हैं। इनमें एक डायबिटीज के मरीज थे। बाकी तीन को कोरोना के अलावा दूसरी बीमारी नहीं थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि मृत वायरस मिलने, एंटीबाडी नहीं बनने और मरीज के खुद वाहक (कैरियर) होने की स्थिति में रिपोर्ट पाजिटिव आती है।

