Site icon Yashbharat.com

Coronavirus: राहतभरा रहा अक्टूबर, जितने पाजिटिव मिले उससे दो हजार ज्यादा ठीक भी हुए

images 10

Coronavirus Indore News इंदौर। अक्टूबर का महीना कोरोना संक्रमण के हिसाब से इंदौरियों के लिए राहतभरा रहा। एक लाख से ज्यादा सैंपलों की जांच हुई। साढ़े 9 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित तो मिले लेकिन साढ़े ग्यारह हजार से ज्यादा मरीजों ने कोरोना के खिलाफ जंग जीती और डिस्चार्ज हुए। अक्टूबर के पहले ही दिन 24 घंटे सबसे ज्यादा यानी 495 मरीज मिले तो महीने के अंतिम दिन 24 घंटे में सिर्फ 77 मरीज मिले। इस महीने एक्टिव मरीजों की संख्या लगभग आधी हुई। महीने की शुरुआत में 4533 एक्टिव मरीज थे लेकिन अंतिम दिन इनकी संख्या 2566 हो गई।

अक्टूबर के पहले पखवाडे में रोज चार सौ के करीब मरीज मिल रहे थे। इसके बाद राहत मिलना शुरू हुई और 24 घंटे के दौरान मिलने वाले मरीजों की संख्या कम होने लगी। 18 अक्टूबर को पहली बार मरीजों की संख्या 200 से नीचे पहुंची। 25 अक्टूबर से राहत में और इजाफा हुआ और मरीजों की संख्या डेढ़ सौ के नीचे आना शुरू हुई। इसके बाद से यह लगातार कम होती रही। 31 अक्टूबर को तो यह 77 पर पहुंच गई। अक्टूबर में एक लाख चार हजार 789 सैंपलों की जांच हुई। 9644 पाजिटिव मिले। 11501 मरीजों ने बीमारी पर जीत हासिल की। हालांकि दुखद यह है कि इसी माह 110 मरीजों को बीमारी से जान गंवाना भी पड़ी।

अक्टूबर के महीने में सक्रिय मरीजों की संख्या में भी अच्छी खासी कमी आई है। 30 सितंबर को इंदौर में उपचाररत मरीजों की संख्या 4533 थी जो 31 अक्टूबर को कम होकर 2566 हो गई। अक्टूबर के दौरान औसत संक्रमण की दर 9.2 रही। अक्टूबर के अंतिम 15 दिनों में तो संक्रमण की दर 4.56 प्रतिशत ही रही। इस दौरान 59324 सैंपल जांचे गए और मात्र 2711 पाजिटिव मिले

Exit mobile version