MP में सर्द हवाओं का कहर, भोपाल में 9 साल बाद नवंबर में पारा 10 डिग्री के नीचे; आज से ‘अकवान’ तूफान का दिखेगा असर
भोपाल। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। राजधानी भोपाल में एक ही रात में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री गिरकर 9.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। इस सीजन में यह पहली बार है जब भोपाल का पारा 10 डिग्री से नीचे आया है। इससे पहले नवंबर महीने में 25 नवंबर 2017 को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान भी 2.9 डिग्री लुढ़ककर 26.2 डिग्री पर आ गया।
उमरिया सबसे ठंडा, रायसेन में पारा 4.9 डिग्री गिरा
प्रदेश में गुरुवार की रात सबसे सर्द उमरिया में रही, जहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रीवा में 9.4 डिग्री और जबलपुर में पारा 9.8 डिग्री रहा। रात के तापमान में सबसे बड़ी गिरावट रायसेन में देखी गई, जहां पारा 4.9 डिग्री गिरकर 10.5 डिग्री पर पहुंच गया। दमोह और खजुराहो में तापमान 10 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। दिन के तापमान की बात करें तो इंदौर में 4.2 डिग्री की गिरावट के साथ पारा 25.5 डिग्री पर आ गया, जबकि मलाजखंड में 24.2 और बैतूल में 25 डिग्री दर्ज किया गया।
22 नवंबर तक ‘अकवान’ का असर, 10 जिलों में बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर शुक्रवार से मध्य प्रदेश के मौसम पर दिखने लगेगा, जो 22 नवंबर तक बना रहेगा। मौसम विज्ञानी पीके रायकवार के अनुसार, तूफान के प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश के बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से तेज बारिश होने के आसार हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, ‘अकवान’ तूफान के कारण अगले तीन दिनों तक प्रदेश में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, हालांकि दिन के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 22 नवंबर को तूफान का असर खत्म होते ही ठंडी हवाएं फिर जोर पकड़ेंगी और पारा दोबारा 2 से 3 डिग्री नीचे लुढ़क सकता है।

