Mousam Hy Awesome: Mousam Hy Awesome: MP में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से तक गिरा पारा, उत्तर भारत में वातावरण काफी ठंडा। हवाओं का रुख लगातार उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से प्रदेश में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में गिरावट बनी हुई है।
इसी क्रम में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात प्रदेश में सबसे कम 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान गुना एवं ग्वालियर में दर्ज किया गया। प्रदेश के 21 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवाओं का रुख बदलने से रविवार से न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। हवाओं का रुख भी अभी उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। उत्तर भारत में वातावरण काफी ठंडा है। इस वजह से वहां से आ रही सर्द हवाओं के कारण न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में कमी बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना तूफान मिथिला बांग्लादेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़कर कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होकर आगे बढ़ गया है।
उधर अफगानिस्तान के आसपास बना पश्चिमी विक्षोभ भी कमजोर है। इस वजह से उसका मध्य प्रदेश के मौसम पर विशेष असर पड़ने की संभावना कम है। हालांकि शनिवार से हवाओं का रुख बदलकर दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी होने के आसार हैं। इस वजह से रविवार से दिन एवं रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। राजधानी सहित पूरे प्रदेश में नवंबर के अंतिम सप्ताह में अच्छी ठंड पड़ने की संभावना है।










