मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान:दिसंबर मासांत तक पूरा होगा कटनी-बिलहरी-स्लीमनाबाद मार्ग का महत्वपूर्ण पुल,कलेक्टर ने निर्माणाधीन पुल का किया औचक निरीक्षण,गुणवत्तापूर्ण कार्य के साथ समय-सीमा में पूर्णता के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान:दिसंबर मासांत तक पूरा होगा कटनी-बिलहरी-स्लीमनाबाद मार्ग का महत्वपूर्ण पुल,कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्माणाधीन पुल का किया औचक निरीक्षण,गुणवत्तापूर्ण कार्य के साथ समय-सीमा में पूर्णता के दिए निर्दे
कटनी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को बिलहरी-कैमोरी-स्लीमनाबाद मार्ग पर कटनी नदी एवं बहुड़ा नदी के संगम पर निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पुल का निर्माण दिसंबर मासांत तक हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन यह पुल क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के लिए बारहमासी आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्माण एजेंसी को कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी बारहमासी आवागमन की सुविधा
पुल के निर्माण से निटर्रा, बांधा इमलाज, हथकुरी, घुघरा, खरखरी, नैगवां, पिपरिया परौहा, बड़खेरा सहित आसपास के अनेक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। बारिश के दौरान नदी के जलस्तर बढ़ने से प्रभावित होने वाले आवागमन को भी सुगम और सुरक्षित बनाने में यह पुल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कलेक्टर श्री तिवारी ने मौके पर निर्माण की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से कार्य की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण हो और निर्माण की गुणवत्ता उच्च स्तर की हो, ताकि इसका लाभ ग्रामीणों को शीघ्र मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक श्री प्रभात जैन, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, पर्यावरणविद् श्री निर्भय सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








