इटारसी स्टेशन पर यात्रियों का हंगामा: सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी कोच में मिले दर्जनों कॉकरोच, चैन पुलिंग कर रोकी ट्रेन
इटारसी स्टेशन पर यात्रियों का हंगामा: सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी कोच में मिले दर्जनों कॉकरोच, चैन पुलिंग कर रोकी ट्रेन
इटारसी (यशभारत डॉट कॉम)। सहरसा से अहमदाबाद जा रही एक्सप्रेस ट्रेन (19484) में रेलवे की लचर सफाई व्यवस्था को लेकर गुरुवार रात यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। ट्रेन के एसी बी-1 (B-1) कोच में बड़ी संख्या में कॉकरोच घूमते देख आक्रोशित यात्रियों ने इटारसी रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया और चैन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया।
सिग्नल होते ही यात्रियों ने खींची चैन
-
प्लेटफॉर्म पर हंगामा: गुरुवार रात करीब 10 बजे सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस इटारसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंची। ट्रेन जब आगे के लिए रवाना होने लगी, तभी बी-1 कोच में सवार यात्रियों ने डिब्बे में जगह-जगह घूम रहे कॉकरोच से परेशान होकर चैन पुलिंग कर दी।
-
सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल: यात्रियों ने आरोप लगाया कि एसी कोच का भारी किराया वसूलने के बावजूद रेलवे सफाई और पेस्ट कंट्रोल पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
आरपीएफ और रेलवे अमले ने कराई पेस्ट कंट्रोलिंग
-
मौके पर पहुंचे अफसर: चैन पुलिंग की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ (RPF) और सफाई कर्मचारी तुरंत बी-1 कोच पहुंचे और यात्रियों को शांत कराया।
-
दवा छिड़काव के बाद रवाना हुई ट्रेन: रेल कर्मचारियों ने तत्काल कोच के अंदर कीटनाशक दवा का छिड़काव (पेस्ट कंट्रोल) कराया और साफ-सफाई की। यात्रियों के संतुष्ट होने के बाद ही ट्रेन को गंतव्य के लिए आगे रवाना किया गया।








