मध्यप्रदेश

Chhindwara Rail News: टाटानगर-इतवारी का छिंदवाड़ा तक विस्तार और दादाधाम एक्सप्रेस की बहाली-सांसद की रेल मंत्री से बड़ी मुलाकात

छिंदवाड़ा को नई ट्रेनों और नई रेल लाइनों की सौगात: सांसद बंटी विवेक साहू ने रेल मंत्री से की मुलाकात, रखीं ये बड़ी मांगें

Chhindwara Rail News: टाटानगर-इतवारी का छिंदवाड़ा तक विस्तार और दादाधाम एक्सप्रेस की बहाली-सांसद की रेल मंत्री से बड़ी मुलाकात

छिंदवाड़ा: लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र और आसपास के इलाकों में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा और विकास परियोजनाओं पर सकारात्मक चर्चा की।

मुलाकात के दौरान सांसद साहू ने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत छिंदवाड़ा और जुन्नारदेव रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों के लिए रेल मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।

 नई रेल लाइन और डबल ट्रैक की प्रमुख मांगें

क्षेत्र में रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सांसद ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को जल्द पूरा करने और शुरू करने का आग्रह किया:

  • छिंदवाड़ा-आमला डबल ट्रैक: छिंदवाड़ा से आमला तक रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण (Double Track) की मांग रखी।

  • छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-सागर लाइन: सांसद ने याद दिलाया कि छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-सागर नई रेल लाइन के पुनरीक्षित सर्वे (Revised Survey) की घोषणा बजट भाषण में की जा चुकी है, अतः इसका जमीनी काम जल्द शुरू कराया जाए।

  • पांढुर्णा-सौंसर नई लाइन: पांढुर्णा से सौंसर तक नई रेलवे लाइन के प्रस्तावित सर्वे को गति देने की बात कही।

  • परासिया स्टेशन का कायाकल्प: उन्होंने परासिया रेलवे स्टेशन को भी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ में शामिल करने का निवेदन किया।

टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस का छिंदवाड़ा तक विस्तार और दादाधाम एक्सप्रेस की बहाली

यात्रियों की सुविधा के लिए सांसद बंटी साहू ने ट्रेनों के रूट विस्तार और बंद पड़ी ट्रेनों को पुनः शुरू करने के व्यावहारिक सुझाव दिए:

  1. टाटानगर-इतवारी ट्रेन का विस्तार: उन्होंने बताया कि टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस सुबह 5:00 बजे इतवारी (नागपुर) पहुँचती है और 17 घंटे 5 मिनट खड़े रहने के बाद रात 12:05 बजे लौटती है। इस रैक का उपयोग करते हुए इसे छिंदवाड़ा तक बढ़ाया जाए। इससे जिलेवासियों को सीधे रायपुर, टाटानगर और कोलकाता (पश्चिम बंगाल) तक सीधी ट्रेन मिल जाएगी।

  2. दादाधाम एक्सप्रेस पुनः शुरू हो: कोरोना काल से बंद पड़ी दादाधाम एक्सप्रेस को नागपुर से खंडवा-भुसावल के बीच पुनः चलाने का निवेदन किया, जो खंडवा जाने के लिए एकमात्र मुख्य विकल्प थी।

  3. चित्रकूट एक्सप्रेस का विस्तार: लखनऊ-जबलपुर के बीच चलने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस को छिंदवाड़ा तक विस्तारित करने की मांग की, जिससे उत्तर प्रदेश और धार्मिक स्थलों की यात्रा आसान हो सके।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए क्षेत्र के समग्र रेल विकास के लिए हरसंभव सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया है।

Back to top button