CG तूफान पैथाई का असर, शपथ ग्रहण स्थल अस्त-व्यस्त, हो सकता है बदलाव

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान ‘पैथाई’ भीषण चक्रवात का असर छत्तीसगढ़ में देखा जा रहा है। प्रदेश के कई इलाकोंं में जोरदार बारिश हो रही है। रायपुर में भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह स्थल भी बारिश के कारण अस्त-व्यस्त हो गया। यहां लगाए गए तंबू-टैंट उड़ गए हैं। बारिश को देखते हुए इस कार्यक्रम को इंडोर स्टेडियम या दीनदयाल ऑडिटोरियम में कराने पर भी विचार किया जा रहा है।

आंध्रप्रदेश पहुंचे समुद्री तूफान पैथाई का असर छत्तीसगढ़ में देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्से में घने बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश हो रही है। बादल और ठंडी हवा से प्रदेशभर में दोपहर का तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक नीचे चला गया। रायपुर में साइंस कॉलेज मैदान पर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का शपथ ग्रहण समारोह होना है। शाम 4.30 बजे होने वाले इस समारोह के लिए काफी तैयारियां की गई, लेकिन तूफान के चलते हो रही बारिश से शपथ समारोह स्थल पर अव्यवस्था फैल गई है। मंच पूरी तरह से भीग गया है और जगह-जगह से पानी टपक रहा है। वहीं लोगों के लिए लगाए गए टैंट-तंबू उखड़ गए हैं और पूरे समारोह स्थल पर कीचड़ हो गया है।

रायपुर में बारिश के कारण शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम स्थल में बदलाव किया जा सकता है। प्रशासन साइंस मैदान की स्थिति को देखते हुए इस कार्यक्रम को इंडोर स्टेडियम या दीनदयाल ऑडिटोरियम में कराने पर भी विचार कर रहा है। इसे लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा कांकेर जिले के अंतागढ़, भानुप्रतापपुर,नरहरपुर,चारामा में भी भारी बारिश हो रही है। उड़ीसा का सरहदी इलाका होने के चलते कांकेर पर जबर्दस्त असर देखा जा रहा है।

इसे भी पढ़ें-  MP Cabinet Decisions 2026: मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला, इंफ्रास्ट्रक्चर, सिंचाई और स्वास्थ्य योजनाओं के लिए ₹23,228 करोड़ की मिली मंजूरी

बारिश के अलावा पूरे प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। लगातार 2 दिनों से सर्दी बढ़ गई है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग का वनक्षेत्र कड़ाके की सर्दी की चपेट में आ गया है। बीते दिन तापमान 7 डिग्री तक पहुंच गया था। जगदलपुर और आसपास के कई इलाकों में भी बारिश हो रही है। पैथाई चक्रवाती तूफान के चलते राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।