Site icon YASHBHARAT.COM

ब्रेकिंग न्यूज़ -छह घंटे तक नगर निगम गेट पर अधिवक्ताओं का चक्काजाम, अतिक्रमण प्रभारी मानवेन्द्र सिंह हटाए गए विधायक संदीप जायसवाल की पहल पर आयुक्त से हुई चर्चा के बाद समाप्त हुआ विरोध प्रदर्शन

IMG 20261119 WA0105

ब्रेकिंग न्यूज़ -छह घंटे तक नगर निगम गेट पर अधिवक्ताओं का चक्काजाम, अतिक्रमण प्रभारी मानवेन्द्र सिंह हटाए गए

विधायक संदीप जायसवाल की पहल पर आयुक्त से हुई चर्चा के बाद समाप्त हुआ विरोध प्रदर्श

 

कटनी। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ गत दिवस नगर निगम में हुई कथित अभद्रता के विरोध में गुरुवार को शहर के अधिवक्ताओं का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। अधिवक्ताओं का यह विरोध प्रदर्शन करीब छह घंटे तक जारी रहा। इस दौरान नगर निगम के सामने आवागमन प्रभावित रहा और मौके पर काफी गहमागहमी का माहौल बना रहा।

प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं की प्रमुख मांग थी कि वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले अतिक्रमण प्रभारी मानवेन्द्र सिंह को तत्काल निलंबित किया जाए। अधिवक्ताओं का कहना था कि अधिवक्ता के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया था। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

लगातार छह घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद शाम करीब छह बजे विधायक संदीप जायसवाल ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार से चर्चा कर अधिवक्ताओं की मांग और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। चर्चा के बाद नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण प्रभारी मानवेन्द्र सिंह को उनके पद से हटा दिया।

अतिक्रमण प्रभारी को हटाए जाने की जानकारी मिलने के बाद आंदोलनरत अधिवक्ताओं ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया और चक्काजाम खोल दिया। इस तरह सुबह से जारी गतिरोध का शाम करीब छह बजे पटाक्षेप हुआ।

इस घटनाक्रम ने नगर निगम प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच उपजे विवाद को शहर में चर्चा का विषय बना दिया। वहीं, विधायक की पहल के बाद करीब छह घंटे से जारी आंदोलन समाप्त होने से प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

Exit mobile version