सीएसपी मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग, भाजयुमो ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

सीएसपी मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग, भाजयुमो ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
कटनी। कटनी नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) से जुड़े जमीन की खरीद-फरोख्त एवं हत्या के मामले में सामने आए आरोपों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले में नामजद सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी किए जाने की मांग की गई।
भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष मृदुल मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि सीएसपी से जुड़े मामले में साजिशपूर्वक जमीन की अनाधिकृत खरीद-फरोख्त किए जाने तथा हत्या के मामले में डिफॉल्ट बेल का रास्ता साफ करने के बदले आरोपी से करोड़ों रुपये की जमीन कौड़ियों के दाम में खरीदे जाने के आरोप सामने आए हैं। भाजयुमो ने कहा कि इस पूरे प्रकरण से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस नेता मारूफ अहमद हनफी एवं अन्य लोगों के नाम सामने आने का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई। भाजयुमो ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मामले से जुड़े सभी आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, आईजी जबलपुर एवं कलेक्टर कटनी को भी मामले की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान जिला महामंत्री अक्षय श्रीवास्तव, अविनाश गुप्ता, ऋषभ मिश्रा, अरशिव सेन, प्रमुख कस्तवार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।








