BJP, AAP, TMC, UDF ने जीते उपचुनाव, बंगाल में विस्फोट से जश्न में मातम, बच्ची की दर्दनाक मौत

election matganna room

By-Election Results 2025: BJP, AAP, TMC, UDF ने जीते उपचुनाव, बंगाल में विस्फोट से जश्न में मातम, बच्ची की दर्दनाक मौत।  चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित हुए। गुजरात की कड़ी सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की, जबकि विसावदर सीट आम आदमी पार्टी (AAP) के खाते में गई। केरल की नीलांबूर सीट पर यूडीएफ (UDF) को सफलता मिली। पश्चिम बंगाल के कलिगंज में तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बड़ी जीत हासिल की। पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर भी आम आदमी पार्टी (AAP) को जीत मिली।

election matganna room

कहां कौन सा उम्मीदवार जीता ?

गुजरात की कडी सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र चावड़ा जीते। उन्होंने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को हराया। वहीं विसावदर पर AAP के गोपाल इटालिया जीते। बीजेपी पिछले 18 साल से इस सीट पर चुनाव नहीं जीती है। इस बार भी भाजपा के कीर्ति पटेल दूसरे नंबर पर रहे। इटालिया ने 17,554 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज करते हुए पार्टी को ऐतिहासिक सफलता दिलाई। इटालिया ने कुल 75,942 वोट हासिल करके BJP के गढ़ में पार्टी का परचम लहराया।

वहीं केरल में UDF उम्मीदवार कांग्रेस के आर्यदन शौकत को जीत मिली। उन्होंने CPIM के एम.स्वराज को हराया। पंजाब की लुधियाना वेस्ट AAP के खाते में आई, यहां संजीव अरोड़ा जीते। कांग्रेस के भारत भूषण आसु दूसरे नंबर पर रहे।

पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर TMC प्रत्याशी अलिफा अहमद जीतीं। उन्होंने भाजपा के आशीष घोष को हराया। इन सभी पांचों सीटों पर 19 जून को वोटिंग हुई थी। कालीगंज विधानसभा उपचुनाव में भारी अंतर से जीत दर्ज करने के बाद TMC विधायक अलीफा अहमद ने भावुक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “कालीगंज विधानसभा केंद्र के उपचुनाव में क्षेत्र के सभी धर्मों, सभी जातियों और सभी वर्गों ने भाग लिया। मतदान के अधिकार का प्रयोग कर जनता ने हमें अपार आशीर्वाद दिया। मैं उनके प्रति श्रद्धापूर्वक नतमस्तक होकर कृतज्ञता व्यक्त करती हूं।”

वहीं, कालीगंज सीट के लिए जारी काउंटिंग के बीच कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बाराचंदगर इलाके में एक विस्फोट हुआ। घटना में 9 साल की बच्ची की मौत हो गई। पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने बच्ची की मौत पर दुख जताया। उन्होंने X पोस्ट में लिखा- पुलिस दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

लुधियाना पश्चिम में AAP की जीत! संजीव अरोड़ा ने जीता उपचुनाव

लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में AAP के संजीव अरोड़ा ने जीत हासिल करते हुए पार्टी को एक और सफलता दिलाई। विजयी उम्मीदवार ने कहा, “मैं लुधियाना के लोगों को बधाई देता हूं। पूरी पार्टी, इसके स्वयंसेवकों, कार्यकर्ताओं, मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल जी का धन्यवाद करता हूं। मैं पार्टी को इस जीत पर बधाई देता हूं।

केजरीवाल का राज्यसभा जाना संभव

पंजाब की लुधियाना वेस्ट आम आदमी पार्टी (AAP) के पास थी। लुधियाना वेस्ट से AAP ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को कैंडिडेट बनाया है। अरोड़ा विधायक बनते हैं तो उन्हें राज्यसभा सीट छोड़नी होगी, जिससे यह सीट खाली हो जाएगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि AAP अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेज सकती है।