लाडली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी: मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला, 5 साल तक जारी रहेगी ‘लाडली बहना योजना’; 1.14 लाख करोड़ रुपये मंजूर

लाडली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी: मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला, 5 साल तक जारी रहेगी ‘लाडली बहना योजना’; 1.14 लाख करोड़ रुपये मंजूर
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में महिला एवं बाल विकास को लेकर कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। कैबिनेट बैठक का मुख्य केंद्र नारी सशक्तिकरण से जुड़ी राज्य की प्रमुख योजनाएं रहीं। सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ा तोहफा देते हुए ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’ को आगामी 5 वर्षों (वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31) तक निरंतर जारी रखने की मंजूरी दे दी है।
आगामी 5 वर्षों में 1.14 लाख करोड़ से अधिक होंगे खर्च
राज्य सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं के आर्थिक व सामाजिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता देते हुए भारी-भरकम बजट का प्रावधान किया है:
-
लाडली बहना योजना: इस अति-महत्वाकांक्षी योजना को अगले पांच वर्षों तक सुचारू रूप से चलाने के लिए कैबिनेट ने कुल 1,14,365 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति प्रदान की है।
-
लाडली लक्ष्मी योजना: इसके साथ ही प्रदेश की बेटियों के बेहतर भविष्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए संचालित ‘लाडली लक्ष्मी योजना’ हेतु 16,326 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
नारी सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में लिए गए निर्णयों से प्रदेश की करोड़ों महिलाओं को सीधा लाभ मिलता रहेगा। सरकार के इस कदम से न केवल महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बनी रहेगी, बल्कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बेटियों के स्वास्थ्य और शिक्षा के स्तर में भी व्यापक सुधार होगा।








