Site icon YASHBHARAT.COM

कार-बाइक बीमा के नियमों में बड़ा बदलाव, 15 दिसंबर से लागू होगी नई व्यवस्था; थर्ड पार्टी और वाहन मालिक का दुर्घटना कवर अनिवार्य

CAR INSURANCE

नई दिल्ली(YASHBHARAT.COM)। देशभर में कार और दोपहिया वाहन मालिकों के लिए मोटर बीमा से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने निजी कारों और दोपहिया वाहनों की बीमा पॉलिसी को चार अलग-अलग हिस्सों में व्यवस्थित करने के निर्देश जारी किए हैं। नई व्यवस्था 15 दिसंबर 2026 से जारी होने वाली पॉलिसियों पर लागू होगी।

इस बदलाव का उद्देश्य वाहन मालिकों को बीमा में मिलने वाली सुविधाओं, उनकी शर्तों और अलग-अलग कवर के प्रीमियम की स्पष्ट जानकारी देना है। अब बीमा कंपनियों को ग्राहकों के सामने प्रत्येक कवर का विवरण और उसकी कीमत अलग-अलग बतानी होगी। यह व्यवस्था सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में लागू की जा रही है।

MP Lift Act: मध्य प्रदेश में अब बिना रजिस्ट्रेशन और बीमा के नहीं चलेंगी लिफ्ट, हादसा छिपाने पर 2 साल की जेल

नई व्यवस्था में बीमा के होंगे चार हिस्से

IRDAI के निर्देशों के अनुसार मोटर बीमा पॉलिसी को निम्नलिखित चार श्रेणियों में बांटा जाएगा।

1. थर्ड पार्टी इंश्योरेंस (अनिवार्य)

वाहन मालिकों के लिए थर्ड पार्टी बीमा अनिवार्य रहेगा। इसके तहत वाहन से किसी दूसरे व्यक्ति, उसके वाहन या संपत्ति को होने वाले नुकसान के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार बीमा सुरक्षा मिलेगी। बिना वैध थर्ड पार्टी बीमा के सार्वजनिक स्थान पर वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित है।

2. यात्रियों की कानूनी देयता का कवर (वैकल्पिक)

कार में सफर करने वाले यात्रियों और दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति (पिलियन राइडर) के लिए कानूनी देयता का अतिरिक्त बीमा कवर लेने का विकल्प मिलेगा। इसमें निर्धारित शर्तों के अनुसार बीमित वाहन में यात्रा करने वाले कर्मचारियों को भी शामिल किया जा सकता है। यह कवर अतिरिक्त प्रीमियम देकर लिया जा सकेगा।

3. पर्सनल एक्सीडेंट कवर (व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा)

वाहन के पंजीकृत मालिक और बीमित व्यक्ति के लिए निर्धारित व्यक्तिगत दुर्घटना कवर अनिवार्य रहेगा। वहीं, वाहन में सफर करने वाले अन्य यात्रियों, बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति और मालिक के अलावा अन्य चालकों के लिए अतिरिक्त दुर्घटना बीमा कवर वैकल्पिक होगा।

4. ओन डैमेज कवर (अपने वाहन के नुकसान का बीमा)

इस श्रेणी में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने, क्षतिग्रस्त होने या अन्य बीमित परिस्थितियों में वाहन को हुए नुकसान की भरपाई शामिल होगी। यह कवर अनिवार्य नहीं होगा। वाहन मालिक अपनी जरूरत के अनुसार इसे चुन सकेंगे। इसकी प्रीमियम राशि तय करने में बीमा कंपनियों को बाजार के अनुसार स्वतंत्रता रहेगी।

बीमा खरीदते समय भरना होगा विकल्प फॉर्म

नई व्यवस्था के तहत बीमा कंपनियों को प्रत्येक ग्राहक से एक निर्धारित कस्टमर ऑप्शन फॉर्म भरवाना होगा। इसमें ग्राहक को स्पष्ट रूप से बताना होगा कि वह कौन-कौन से अतिरिक्त बीमा कवर लेना चाहता है। यह प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पूरी की जा सकेगी। इसके साथ ही बीमा कंपनियों को ग्राहक को कस्टमर इंफॉर्मेशन शीट (CIS) भी उपलब्ध करानी होगी।
इस शीट में प्रत्येक बीमा कवर की सुविधा, शर्तें और उसके लिए लिया जाने वाला प्रीमियम अलग-अलग दर्शाना अनिवार्य होगा। इससे ग्राहकों को यह समझने में आसानी होगी कि वे किस सुविधा के लिए कितना भुगतान कर रहे हैं।

पुरानी पॉलिसी वालों को भी मिलेगा अतिरिक्त कवर लेने का विकल्प

नई व्यवस्था में मौजूदा बीमा धारकों के लिए भी राहत का प्रावधान किया गया है। जिन वाहन मालिकों के पास पहले से थर्ड पार्टी बीमा है, वे अपनी पॉलिसी की अवधि के दौरान अतिरिक्त प्रीमियम देकर यात्रियों की कानूनी देयता का कवर जुड़वा सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपनी पुरानी थर्ड पार्टी पॉलिसी रद्द कराने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, यह अतिरिक्त कवर उसी बीमा कंपनी से लेना होगा, जिसने उनकी थर्ड पार्टी पॉलिसी जारी की है। नया कवर बीमा कंपनी की ओर से जारी एंडोर्समेंट में दर्ज तारीख और समय से प्रभावी होगा।

15 दिसंबर 2026 से लागू होंगे नए नियम

IRDAI ने 2 नवंबर 2026 को जारी सर्कुलर क्रमांक IRDAI/CIR/MOT/10/2026 के माध्यम से बीमा कंपनियों को नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 15 दिसंबर 2026 से जारी होने वाली निजी कार और दोपहिया वाहन बीमा पॉलिसियों में चार स्तरीय व्यवस्था और निर्धारित पॉलिसी शर्तों का पालन करना होगा।
बीमा कंपनियों को नई व्यवस्था को बीमा से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म बीमा सुगम (Bima Sugam) से भी जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

वाहन मालिकों के लिए क्या है जरूरी?

नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन मालिकों को बीमा पॉलिसी लेते समय केवल प्रीमियम की राशि नहीं देखनी चाहिए, बल्कि यह भी समझना होगा कि उनकी पॉलिसी में कौन-कौन से कवर शामिल हैं। थर्ड पार्टी बीमा और वाहन मालिक का निर्धारित व्यक्तिगत दुर्घटना कवर अनिवार्य रहेगा, जबकि यात्रियों की सुरक्षा के अतिरिक्त कवर और अपने वाहन के नुकसान की सुरक्षा के लिए अलग से विकल्प चुनना होगा।

Exit mobile version