Latest

‘वंदे मातरम्’ विवाद: खरगे का बड़ा हमला, बोले- ‘अगर यह अपराध है तो गांधी, नेहरू और वाजपेयी पर भी दर्ज करो केस’

‘वंदे मातरम्’ विवाद: खरगे का बड़ा हमला, बोले- ‘अगर यह अपराध है तो गांधी, नेहरू और वाजपेयी पर भी दर्ज करो केस’

गोवा: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर देश में जारी राजनीतिक घमासान के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बड़ा बयान दिया है। गोवा में मीडिया से बातचीत करते हुए खरगे ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछले 90 सालों से चली आ रही ऐतिहासिक परंपरा का ही पालन कर रही है।

 ‘हमने वही गाया जो गांधी और वाजपेयी ने गाया’

मल्लिकार्जुन खरगे ने स्पष्ट करते हुए कहा, “मैंने वही ‘वंदे मातरम्’ गाया है जिसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी गाया करते थे। अगर इसे गाना कोई अपराध या गुनाह है, तो सबसे पहले गांधी जी, नेहरू जी, सरदार पटेल और अटल जी के खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए।”

खरगे ने भाजपा पर तंज कसते हुए आगे कहा कि भाजपा के अस्तित्व में आने से दशकों पहले ही कांग्रेस ने यह तय कर लिया था कि देश के राष्ट्रीय नियम और परंपराएं क्या होंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कह देगी, वही देश का नियम नहीं बन जाएगा।

 क्या है पूरा ‘वंदे मातरम्’ विवाद?

इस पूरे विवाद की शुरुआत 15 अगस्त के कार्यक्रमों के बाद हुई, जब भाजपा ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत को बीच में रोकने और इसका अनादर करने का आरोप लगाया। भाजपा का दावा था कि सोनिया गांधी के इशारे पर राष्ट्रगीत को बीच में रुकवाया गया।

यह मुद्दा तब और गरमा गया जब गोवा में आयोजित कांग्रेस की एक रैली के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंदों (Verses) को गाने के बजाय केवल पहले दो छंद ही गाए गए। इसी पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरते हुए राष्ट्रगीत के अपमान का मुद्दा बनाया, जिसके जवाब में अब कांग्रेस अध्यक्ष ने मोर्चा संभाला है।

Back to top button