Latest

उज्जैन: भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के स्वागत में बड़ा हादसा, पायरो आतिशबाजी से गैस बैलून फटे; कई नेता झुलसे

उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के प्रथम नगर आगमन पर आयोजित भव्य स्वागत समारोह हादसे में बदल गया। मुनि नगर तालाब के पास बने स्वागत मंच पर अचानक हुए गैस बैलून ब्लास्ट से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता झुलस गए हैं।

पायरो आतिशबाजी बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार, स्वागत यात्रा जब मुनि नगर तालाब के पास पहुँची, तो वहां कार्यकर्ताओं ने भारी आतिशबाजी शुरू कर दी। मंच पर जब पायरो (ठंडी आतिशबाजी) चल रही थी, तभी सजावट के लिए लगाए गए हाइड्रोजन गैस से भरे गुब्बारे इसकी चिंगारी की चपेट में आ गए। चिंगारी लगते ही गुब्बारों में जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगीं।

मंच से नीचे कूदे नेता, मची भगदड़

धमाका इतना तेज था कि मंच पर मौजूद नेताओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग की लपटों से बचने के लिए कई युवा मोर्चा नेता मंच से नीचे कूद पड़े। इस हादसे में प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, नगर उपाध्यक्ष धीरेंद्र परिहार, मंडल उपाध्यक्ष मौसम मेहता और कार्यकर्ता आकाश परमार के सिर के बाल और चेहरे झुलस गए। गनीमत रही कि आग अन्य गुब्बारों तक नहीं फैली, वरना एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही नानाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना के समय के वीडियो फुटेज और सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया है। प्राथमिक तौर पर इसे आयोजकों की बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम में सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की गई।

महाकाल दर्शन के बाद निकाली गई थी यात्रा

इससे पहले, प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उज्जैन पहुंचे श्याम टेलर ने बाबा महाकाल के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कुंवर बन्ना मित्र मंडली के नेतृत्व में भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई। यह यात्रा नानाखेड़ा से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और टावर चौक स्थित लोकशक्ति कार्यालय पर समाप्त हुई। हादसे के बावजूद यात्रा जारी रही, लेकिन इस घटना ने पूरे आयोजन में सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

Back to top button