घंटाघर रामलीला मंच के निर्माण का भूमिपूजन, नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण,53 लाख रुपये की लागत से बनेगा रामलीला का रंगमंच, वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी
कटनी। शहर के घंटाघर क्षेत्र में आज रामलीला कमेटी के रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण संपन्न हुआ। इन दोनों कार्यों से क्षेत्र की धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही व्यापारियों और आम नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मिथलेश जैन ने बताया कि घंटाघर रामलीला कमेटी द्वारा पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से रामलीला का मंचन कराया जा रहा है। स्थायी रंगमंच नहीं होने के कारण रामलीला के पात्रों और दर्शकों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब लगभग 53 लाख रुपये की लागत से रंगमंच का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होगी।
इसी क्रम में घंटाघर में नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण से कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, गोल बाजार, हनुमानगंज सहित आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों में आने वाले व्यापारियों, ग्राहकों और नागरिकों को शौचालय एवं मूत्रालय की सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, मेयर इन काउंसिल के सदस्य, विभिन्न दलों के पार्षद, घंटाघर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष राजाराम यादव, गोविंद सचदेवा, सराफा बाजार व्यापारी संघ के प्रतिनिधि आशीष सोनी, झंडा बाजार किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष अतुल सचदेवा, राजेंद्र तिवारी, रमेश सोनी, पूर्व पार्षद अरुण कन्नौजिया एवं लता कन्नौजिया, केके शर्मा एडवोकेट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, रामकृष्ण गट्टानी, बाला गट्टानी, सतीश बजाज, संदीप गुड्डू यादव, सत्यम चौहान और ओंकार बहरे सहित सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे। नगर निगम एवं सुलभ इंटरनेशनल के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व पार्षद एवं अधिवक्ता मनोज गुप्ता ने किया।












