CM मोहन यादव के दौरे से पहले युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुराग सिंह अंबुज हिरासत में; काले झंडे दिखाने मानपुर जाते वक्त पुलिस ने रोका
उमरिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उमरिया जिले के आगमन पर विरोध स्वरूप काले झंडे दिखाने की घोषणा करने वाले जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग सिंह अंबुज को बुधवार सुबह पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
अनुराग सिंह मानपुर जाने के लिए अपने घर से निकल रहे थे, तभी वहां पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया।
नौरोजाबाद थाने ले गई पुलिस
हिरासत में लेने के बाद पुलिस उन्हें नौरोजाबाद थाने ले आई, जहाँ उनसे पूछताछ की जा रही है। सीएम के दौरे को देखते हुए हुई इस पुलिसिया कार्रवाई के बाद से युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
कार्यकर्ताओं में आक्रोश
युवा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए तीखा विरोध जताया है। क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और विरोध में कार्यकर्ताओं का थाने के बाहर जमावड़ा शुरू हो गया है।










