प्रयागराज: राहुल गांधी के दौरे से पहले पोस्टर वार-कांग्रेस ने शहर पाटा, अज्ञात पोस्टरों में तीखा तंज – “प्रयागराज WoW, झारखंड छी”
प्रयागराज: राहुल गांधी के दौरे से पहले पोस्टर वार-कांग्रेस ने शहर पाटा, अज्ञात पोस्टरों में तीखा तंज – “प्रयागराज WoW, झारखंड छी”
प्रयागराज: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) राहुल गांधी के आज प्रयागराज दौरे से पहले, संगम नगरी में एक नया सियासी पोस्टर वार शुरू हो गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में राहुल गांधी के कार्यक्रम को निशाना बनाते हुए कई विवादित और बिना नाम वाले पोस्टर लगाए गए हैं, जिसने राजनीतिक तापमान को बढ़ा दिया है। गौरतलब है कि राहुल गांधी आज प्रयागराज में छात्रों के साथ ‘गूंज’ कार्यक्रम में संवाद करने वाले हैं।
अज्ञात पोस्टरों में राहुल गांधी से पूछे गए ‘तीखे सवाल’
प्रयागराज की सड़कों पर आज सुबह कई ऐसे पोस्टर दिखे जिनमें राहुल गांधी की तस्वीर के साथ उन पर तीखे राजनीतिक तंज कसे गए हैं:
-
झारखंड का जिक्र: एक पोस्टर पर लिखा है- “कब आओगे मेरे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है”।
-
ड्रामा और घबराहट: दूसरे पोस्टर पर सवाल है- “जब झारखंड के छात्र मांग रहे न्याय, राहुल प्रयागराज ड्रामा करने क्यों आए?”। वहीं एक अन्य पोस्टर पर लिखा है- “जो भाग कर प्रयागराज आए, वह झारखंड जाने से क्यों घबराए?”।
-
NEET पर हमला: सबसे तीखा हमला नीट (NEET) परीक्षा को लेकर बोला गया है, जिसमें लिखा है- “NEET पर हाइपोक्रेसी की भी सीमा होती है, प्रयागराज WoW, झारखंड छी।”
खास बात: इन सभी विवादित पोस्टरों पर किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल का नाम दर्ज नहीं है, जिससे यह रहस्य बना हुआ है कि इन्हें किसने लगवाया है।
कांग्रेस का पलटवार: शहर को पोस्टर-बैनरों से पाटा
दूसरी तरफ, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी के दौरे को भव्य बनाने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। कांग्रेस ने शहर के प्रमुख चौराहों और इलाकों को राहुल गांधी की तस्वीरों वाले पोस्टर और बैनरों से पाट दिया है।
-
छात्रों की आवाज़: कांग्रेस इस कार्यक्रम को नीट परीक्षा, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर उनकी आवाज़ उठाने वाला एक बड़ा और महत्वपूर्ण आयोजन बता रही है।
एक तरफ कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के पोस्टर हैं और दूसरी तरफ अज्ञात विरोधियों के तंजिया पोस्टर—इस ‘पोस्टर वार’ ने राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले सियासी बहस को और तेज कर दिया है। अब सबकी नजरें आज होने वाले ‘गूंज’ कार्यक्रम और उसमें राहुल गांधी के संबोधन पर टिकी हैं।








