Site icon Yashbharat.com

Barish: दो दिन बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, रात का तापमान बढ़ेगा, कहीं-कहीं वर्षा होने के भी आसार

istockphoto 1257951336 612x612 1

भोपाल । वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और उससे लगे पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है। हवा का रुख भी उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। उधर वातावरण में नमी कम रहने के कारण आसमान साफ है। इस वजह से दिन का तापमान बढ़ा हुआ है। हालांकि उत्तरी हवाओं के कारण रात के समय हल्की ठंडक बरकरार है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 13 अक्टूबर को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करने वाला है। इसके प्रभाव से 15 अक्टूबर से (नवरात्र पर्व की शुरुआत में) मप्र में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं। इससे दिन के तापमान में कुछ गिरावट होगी, जबकि रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है। उधर बुधवार को प्रदेश में सबसे कम 18 डिग्री सेल्सियस तापमान छिंदवाड़ा में दर्ज किया गया।

 

लुढ़केगा दिन का पारा, रात का तापमान बढ़ेगा

 

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और उससे लगे पाकिस्तान के पास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इससे एक द्रोणिका भी संबद्ध है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में मध्य महाराष्ट्र के पास प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। 13 अक्टूबर को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पहुंचने वाला है। तीव्र आवृति वाले इस पश्चिमी विक्षोभ से मप्र में मौसम के मिजाज में परिवर्तन आने की संभावना है। प्रेरित चक्रवात के असर से अरब सागर से नमी भी मिलेगी। इस वजह से प्रदेश में बादल छा सकते हैं। इससे दिन के तापमान में कुछ गिरावट होगी, लेकिन रात का तापमान बढ़ने लगेगा। 15-16 अक्टूबर को प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा होने की भी संभावना बन रही है।
Exit mobile version