katni

Bagh Hamla: घर से टहलने निकले वृद्ध पर बाघ का हमला, हालत गंभीर

कटनी (YASH BHARAT.COM) । बरही थाना अंतर्गत ग्राम करछुआ में शाम के समय घर से टहलने निकले एक वृद्ध पर बाघ ने हमला किया है। बाघ के हमले में गंभीर रूप से घायल वृद्ध को कचहरी चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जहां उसका उपचार जारी है। घटना बरही थाना की सीमारेखा से लगे पड़ोसी जिला उमरिया के इंदवार थाना अंतर्गत ग्राम गजरहा की बताई जा रही है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बरही थाना अंतर्गत ग्राम करछुआ निवासी वृद्ध उत्तम सिंह बघेल कल 1 सितम्बर की शाम लगभग 6 बजे घर से टहलने निकला था।

झाडिय़ों से निकल कर आए बाघ ने उत्तम पर हमला बोल दिया

बताया जाता है कि घर से निकल कर उत्तम जब बरही थाना की सीमा रेखा से लगे पड़ोसी जिला उमरिया के इंदवार थाना अंतर्गत ग्राम गजरहा पहुंचा, वैसे ही झाडिय़ों से निकल कर आए बाघ ने उत्तम पर हमला बोल दिया। बाघ के हमले में उत्तम सिंह बुरी तरह घायल हो गया। सबसे ज्यादा चोट उसको गर्दन, जबड़े व चेहरे पर आई। उत्तम ने शोर मचाया तो ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों की झुंड को देखकर बाघ भाग गया।

 

बाद में गंभीर रूप से घायल उत्तम को बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ले जाया गया। जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसको गहन उपचार के लिए कटनी रिफर कर दिया गया। जिसके बाद परिजन उसे कटनी लेकर आए और यहां कचहरी चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आईसीयू में भर्ती

जहां उसका उपचार जारी है तथा हालत गंभीर बनी हुई है। एमजीएम अस्पताल के प्रशासक संजय तिवारी ने बताया कि डॉ. पंकज गुप्ता, डॉ.एस के सिंह तथा डॉ. मानसी गुप्ता के द्वारा सर्जरी करके जान बचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मरीज की स्थिति स्थिर है परन्तु गंभीर चोट होने के कारण आईसीयू में भर्ती किया गया है।

Back to top button